रेवाड़ी। पंजाबी मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन ने गोकल गेट स्थित सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कार्य जल्द शुरू कर निर्धारित समय में पूरा कराने की मांग की है। इस संबंध में एसोसिएशन के प्रधान एवं संस्थापक सुरेंद्र वशिष्ठ ने उपायुक्त को पत्र भेजकर शौचालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करने के सुझाव दिए हैं।
पत्र में बताया गया कि गोकल गेट, पंजाबी मार्केट, केवल बाजार, काठ मंडी, रेलवे रोड और मोती चौक सहित आसपास के छह प्रमुख बाजारों के दुकानदार, व्यापारी, ग्राहक और राहगीर इस शौचालय का उपयोग करते हैं। शौचालय का टेंडर हो चुका है और पुराना भवन भी तोड़ा जा चुका है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है।
एसोसिएशन ने शौचालय परिसर में स्थित पीपल के पेड़ को लेकर तकनीकी व पर्यावरणीय राय लेने, बिजली ट्रांसफार्मर व बोरवेल की व्यवस्था में सुधार, पुरुष शौचालय में बेहतर पार्टिशन और नियमित सफाई की मांग की है। साथ ही बरसात में जलभराव से बचने के लिए फर्श सड़क से ऊंचा बनाने तथा रात में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने का सुझाव दिया है।
एसोसिएशन ने डीसी से संबंधित अधिकारियों को जल्द निर्माण शुरू कराने के निर्देश देने की मांग की है।