रेवाड़ी। जिला बार एसोसिएशन परिसर में एसडीएम सुरेश कुमार के तबादले की मांग को लेकर वकीलों ने पांचवें दिन भी नारेबाजी की और एसडीएम का जल्द तबादला करने की मांग की। विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों ने वकीलों को समर्थन दिया।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान विश्वामित्र यादव ने कहा कि सरकार ने एसडीएम को छुट्टी पर भेज दिया। इसके बाद भी वह कल अपने घर पर बैठकर 18 केसों में अपने निर्णय लिखवाए हैं। प्रधान ने सरकार से एसडीएम के अभी तक के सभी निर्णय की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।
प्रधान ने कहा कि 16 अप्रैल से उन्होंने एसडीएम अदालत का बहिष्कार किया था, लेकिन जिला सत्र न्यायाधीश ने भी इस मामले में कोई सकारात्मक पहल नहीं की जिसके कारण उन्हें कोई समाधान न होने पर धरना प्रदर्शन करना पड़ा है।
उन्होंने मंच से कहा कि जिला न्यायिक अधिकारी भी वकीलों की बात को सक्षम अधिकारियों के पास नहीं पहुंच पा रहे हैं। इस कारण वकीलों के द्वारा एसडीएम के तबादले करने की मांग अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि शनिवार, रविवार को छुट्टी होने के कारण धरना प्रदर्शन नहीं होगा। सोमवार को धरना जारी रहेगा। इसमें किसी भी वकील के मुंशी या क्लर्क को अदालत में पेश होने पर रोक लगाई गई है।
इनेलो ने भी दिया धरने को समर्थन
समर्थन देने के लिए इनेलो जिला प्रधान डॉक्टर राजपाल यादव कार्यकर्ताओं सहित धरना स्थल पर पहुंचकर वकीलों का पूर्ण समर्थन देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार वकीलों की बात नहीं सुन रही है, जबकि वकील ही आम जनता की आवाज उठाकर न्याय दिलाने का काम करते हैं। उन्होंने आश्वासन दिलाया कि उनकी पार्टी सदैव उनके साथ है। वहीं, दूसरी ओर रेवाड़ी के पूर्व विधायक चिरंजीव राव भी धरना स्थल पर पहुंचे और कहा कि उनके पिता कप्तान अजय सिंह यादव जिला बार एसोसिएशन के अधिकृत सदस्य हैं तथा कुछ ही समय में वह भी बार के सदस्य बन जाएंगे। उन्होंने समर्थन दिया।
-
धरनास्थल पर ये थे मौजूदधरना स्थल पर शुक्रवार को अधिवक्ता जय प्रकाश, रविंद्र, एसएन वशिष्ठ, कामरेड राजेंद्र, शौकीन शर्मा, विनोद, देवेंद्र चौहान, मुकेश रंगा, विशाल यादव, पीके वत्स, राकेश यादव, अश्विनी तिवारी, त्रिलोक चंद, अनिल अत्री, उपाध्यक्ष सुमन यादव, सचिव मनोज कुमार, सह सचिव मोनू कुमार, कोषाध्यक्ष चिराग शर्मा, भाग्येश यादव, ललिता भारती, कल्याणी यादव सहित कई मौजूद रहे।