रेवाड़ी। राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच के पदाधिकारियों ने भाड़ावास रोड के समीप हुई बैठक में युवाओं ने मांग रखी कि हरियाणा में भी एसएससी की तर्ज पर प्रतियोगी परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाए जिससे भर्तियों की प्रक्रिया समयबद्ध हो सके। उन्होंने एप्लीकेशन फीस में बेरोजगार युवाओं को पूर्ण छूट देने की मांग की।
विज्ञापन
मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान के तहत हुई इस बैठक में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव खुलकर रखे। स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए छोटे उद्योग स्थापित के लिए 20 लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण व उच्च शिक्षित युवाओं के लिए 20 करोड़ रुपये तक कम ब्याज दर पर ऋण देने की मांग उठाई।
बैठक में बेरोजगार युवाओं को गुजारे लायक भत्ता देने की मांग भी प्रमुखता से सामने आई। मंच के प्रधान अशोक ने कहा कि युवाओं की समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को पत्र लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं होता तब तक जनसंपर्क अभियान जारी रहेगा।