औद्योगिक इकाई के निरीक्षण के दौरान प्रबंधन से जानकारी लेते एसडीएम संजीव कुमार। स्त्रोत: प्रशासन
रेवाड़ी। बावल एसडीएम ने बुधवार को औद्योगिक क्षेत्र बावल स्थित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई औद्योगिक इकाइयों में प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित निर्धारित मानकों का पालन नहीं पाया गया।
इस दौरान अग्निशमन विभाग, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एचएसआईआईडीसी बावल और औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान कुछ इकाइयों में ईटीपी तथा एपीसीएम बंद अवस्था में मिले, जबकि संबंधित रिकॉर्ड भी पूर्ण नहीं पाया गया। इसके अतिरिक्त कुछ औद्योगिक इकाइयों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं में भी कमियां मिलीं। इनमें फायर एक्सटिंग्विशर, फायर हाइड्रेंट सिस्टम और इमरजेंसी एग्जिट की समुचित व्यवस्था का अभाव पाया गया।
एसडीएम बावल संजीव कुमार ने निरीक्षण के दौरान मिली खामियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन औद्योगिक इकाइयों में नियमों की अवहेलना या व्यवस्थाओं में कमियां पाई गई हैं, उन्हें नोटिस जारी कर निर्धारित समयावधि में सभी खामियों को दूर करवाना सुनिश्चित किया जाए।
औद्योगिक इकाइयों के संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा अग्नि सुरक्षा से संबंधित सभी निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए।
एसडीएम ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में कमियां दूर नहीं करने अथवा भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।