भाकली गांव में शहीद बीएसएफ जवान दयाकिशन के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देते रोहतक सां
कोसली। रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सोमवार को गांव भाकली पहुंचकर देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए बीएसएफ जवान शहीद दयाकिशन को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने शहीद की पत्नी और बेटियों से मिलकर दुख की इस घड़ी में परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उन्होंने कहा कि शहीद दयाकिशन ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिस पर पूरे क्षेत्र और देश को गर्व है। शहीद के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। हालांकि परिवार पर आए इस दुखद समय में सबसे बड़ी चिंता उनके छोटे बच्चों की है, जिनकी पढ़ाई और भविष्य को सुरक्षित करना जरूरी है।
दीपेंद्र हुड्डा ने सरकार से मांग की कि शहीद परिवार को मिलने वाली सभी सरकारी सुविधाएं और सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि शहीद के परिवार की हर संभव मदद सुनिश्चित करना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक लोग एवं ग्रामीण मौजूद रहे और शहीद दयाकिशन को श्रद्धासुमन अर्पित किए।