कापड़ीवास विद्यालय में भारतीय भाषा शिविर में भाग लेते विद्यार्थी। स्रोत: स्कूल
धारूहेड़ा। गांव कापड़ीवास स्थित पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर 1 जून से 7 जून तक चलेगा। इसमें 6वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इसमें बच्चों को अलग-अलग भाषा में अभिवादन करने के तरीके बताए गए।
हरियाणा सर्व शिक्षा परियोजना परिषद एवं जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय भाषाओं के प्रति रुचि बढ़ाना तथा भाषाई ज्ञान का विकास करना है।
शिविर के पहले दिन विद्यार्थियों को विभिन्न भारतीय भाषाओं का परिचय दिया गया तथा अलग-अलग भाषाओं में अभिवादन करने के तरीके सिखाए गए। कार्यक्रम के संयोजक बिजेंद्र सिंह ने शिविर की गतिविधियों की जानकारी दी। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि शिविर के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय भाषाओं एवं संस्कृति से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या इंदु शर्मा, प्राध्यापक कंचन सधेवड़ा, नंदिता, सरोज एवं सुभद्रपाल सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।