दिल्ली- जयपुर हाईवे पर स्थित बनीपुर चौक पर रविवार की रात एक दुकान में गैस सिलिंडर फटने से लगी आग में मरने वालों की संख्या दो गई है। हादसे में एक पुलिसकर्मी सहित तीन की हालत अभी भी गंभीर है।
जानकारी के अनुसार बनीपुर चौक कुछ लोग किराए पर दुकान लेकर कई प्रकार का व्यापार कर रहे हैं। फैक्टरी एरिया होने के चलते श्रमिक इन दुकानों पर गैस सिलिंडर भरवाने के लिए आते हैं। रविवार की रात 8 बजे दुकानदार सीताराम की एक दुकान में एक बड़े से छोटे सिलिंडर में गैस भरी जा रही थी। गैस भरते समय अचानक आग लग गई। इस दौरान दुकान के बाहर खड़ा एक युवक गांव नांगल शहबाजपुर निवासी शिव कुमार व पश्चिम बंगाल निवासी सद्दाम हुसैन दुर्घटना का वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान सिलिंडर आकर उनके सिर में लगे। दोनों को गंभीर हालत में बावल सीएचसी पहुंचा गया। जहां चिकित्सकों ने शिव कुमार को उसी समय मृत घोषित कर दिया था। इसके साथ ही गंभीर रूप से झुलसे सद्दाम को रोहतक के लिए रेफर कर दिया था। रविवार देर रात उपचार के दौरान सद्दाम ने रोहतक पीजीआई में दम तोड़ दिया। फैक्टरी में कार्यरत श्रमिक सद्दाम बनीपुर चौक पर ही किराए के मकान में रहता था। फिलहाल पुलिस ने दुकान मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रेवाड़ी में भी कई स्थानों पर अवैध रूप से गैस सिलिंडर भरने का होता है काम
बावल ही नहीं रेवाड़ी शहर व धारूहेड़ा में भी कई बाजारों में बर्तन से लेकर कपड़ों की दुकान पर बड़े गैस सिलिंडर से छोटे गैस सिलिंडर में अवैध रूप गैस से भरने का काम किया जाता है। मोटे मुनाफे के चलते दुकानदार इस काम में लगे हुए हैं। बनीपुर चौक पर हादसे केे बाद बावल में इस तरह के दुकानदार गायब मिले। लेकिन शहर के अपना बाजार से लेकर गली- मोहल्लों में सोमवार को भी आम दिनों की तरह ही ये अवैध व्यापार चलता रहा।
शिव कुमार की बेटी का सोमवार को जाना था लगन
शिव कुमार बनीपुर चौक पर ही हेयर सैलून की दुकान चलाता था। रविवार को उसने बेटी की शादी के लिए निमंत्रण पत्र भी बांटे थे। बेटी के लगन की तैयारी शिवकुमार कर रहा था। लेकिन रविवार की रात हादसे के चलते गांव नांगल शहबाजपुर में मातम पसर गया। रविवार की रात शिव कुमार के परिजनों को मौत की सूचना नहीं दी गई थी। सोमवार को गांव में समाचार पत्र भी नहीं पहुंचे। ऐसे में सोमवार दोपहर के समय जैसे ही परिजनों को शिवकुमार की मौत का पता चला, घर में मातम छा गया।
दुकान संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कसौला थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि हादसे में शिवकुमार व सद्दाम की मौत हुई है। बर्तन की दुकान चलाने वाले बावल निवासी सीताराम के खिलाफ अवैध रूप से गैस भरने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। घायल गोपीराम, शुभम व एक पुलिसकर्मी का उपचार चल रहा है।