श्रीनगर बाढ़ में फंसे लोगों की मदद को अलग- अलग बाइक से जा रहे दो युवकों में से एक की एएसआई ओवरब्रिज के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक बंगलूरू का रहने वाला था। वह अपने दोस्त के साथ 8 सितंबर को बाइक से श्रीनगर के लिए रवाना हुआ था। कौसला थाना पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम हाउस पर रखवा दिया है। हादसा शनिवार दोपहर दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित एएसआई पुल के पास टाटा-407 से भिड़ने से हुआ।
कसौला थाना प्रभारी विकास कौशिक ने बताया कि मूल रूप से बंगलूरू के लक्ष्मीसागर, महादेवपुरा निवासी शिवा दोस्त अनिकेत के साथ श्रीनगर में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अलग-अलग बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। अनिकेत ने पुलिस को बताया कि वे लोगों की मदद के लिए बाइक पर तिरंगा लगाकर दिल्ली से होकर श्रीनगर जा रहे थे। दिल्ली- जयपुर हाईवे स्थित एएसआई ओवरब्रिज के पास शिवा की बाइक आगे चल रही टाटा-407 से टकरा गई, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले की जानकारी पर थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई।
8 सितंबर को हुए थे रवाना
अनिकेत ने बताया कि श्रीनगर में बाढ़ के बाद शिवा बार-बार वहां जाकर लोगों की मदद करने की जिद कर रहा था। इसके चलते ही वे दोनों 8 सितंबर को वहां से रवाना हुए थे। उसे क्या पता था यह हादसा हो जाएगा?
लोगों की मदद करता था शिवा
दोस्त अनिकेत ने बताया कि शिवा शुरू से ही मिलनसार था। लोगों की मदद करने के लिए वह हमेशा तैयार रहता था। इसलिए श्रीनगर में भी हुई त्रासदी के बाद वह खुद को वहां जाने से नहीं रोक सका।