पीने के लिए गंदा पानी, उफनते सीवरेज, टूटी गलियां और बिजली कटौती का समाधान नहीं होने से नाराज वार्ड-12 के लोगों का मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा। जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। पार्षद गुरदयाल नंबरदार के नेतृत्व में महिलाओं समेत दो दर्जन से अधिक लोगों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की। करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा किया गया। अफसरों से आश्वासन मिलने के बाद ही गेट खोला गया।
गौरतलब है कि उत्तम नगर और विजय नगर मोहल्ले में पीने के लिए गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। सीवरेज से पानी निकलकर सड़कों पर फैल रहा है। इससे उठाने वाली बदबू से लोग परेशान है। बिजली कटौती से बुरा हाल है। दोनों मोहल्ले के लोगों ने कई बार जन स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन इस कोई ध्यान नहीं दिया गया। समस्या और शिकायत को अनसुना तथा अनेदखा किया जा रहा था। इस पर उनका गुस्सा फूट गया। मंगलवार को करीब साढ़े दस बजे काफी महिलाएं और पुरुष जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय पहुंचे और मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। करीब डेढ़ घंटे हंगामा और नारेबाजी कर अपना गुस्सा जाहिर किया।
लोगों का कहना था कि कई बार आला अधिकारियों को वार्ड-12 के अंतर्गत आने वाले विजय नगर और उत्तम नगर की समस्या के बारे में अवगत कराया गया, मगर उनकी सुनवाई करने वाला कोई नहीं है। मंगलवार को यहां विभाग के एससी उमेश भारद्वाज और एक्सईएन राकेश से मिलने पहुंचे तो विभाग के अन्य अधिकारियों ने दोनों के चंडीगढ़ में होने की बात कहते हुए टरका दिया। इससे उनका गुस्सा भड़क उठा। कार्यालय में ताला जड़ा होने के कारण कर्मचारियों में हड़कंप मच गया था।
आश्वासन पर खोला ताला
जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगने की सूचना प्रशासन तक पहुंची। इस पर तहसीलदार और मॉडल टाउन एसएचओ मौके पर पहुंचे। उनके बुलाने पर विभागीय अधिकारी इंद्रजीत यादव ने पार्षद और मोहल्ले के लोगों से सफाई की त्वरित व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि सीवर की समस्या बुधवार को दूर हो जाएगी, जबकि अन्य विभागों को उनकी समस्या के संबंध में अवगत कराने की तहसीलदार ने बात कही। इस पर करीब 12 बजे मुख्य दरवाजा पर लगा ताला खोला गया।
क्या हादसे का इंतजार है?
लोगों को समझाने पहुंचे विभाग के एक अधिकारी से उत्तम नगर निवासी संतोष देवी ने कहा कि क्षेत्र में सीवर के ढक्कन खुले हैं और आप समझाने की बात कर रहे हैं। ढक्कन लगाने के लिए किस हादसे का इंतजार कर रहे हैं? शकुंतला देवी का कहना था कि क्षेत्र की गलियां बेहद खराब हैं। लोग और क्षेत्र के बच्चे यहां आए दिन गिरकर चोटिल हो जाते हैं। कई बार इस संबंध में अधिकारियों से कहा, लेकिन किसी की कोई नहीं सुनता है।