संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर में दिल्ली रोड पर फिदेड़ी मोड के पास तेज रफ्तार निजी स्कूल की बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटी घायल हाे गई। सदर थाना पुलिस ने आरोपी बस ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला नई आबादी निवासी दिनेश (45) अपनी पत्नी ललिता और बेटी स्नेहा के साथ बाइक पर सवार होकर धारूहेड़ा में अपनी चचेरी बहन के घर जा रहा था। पीछे दूसरी बाइक पर उसका भाई दीपक कुमार भी आ रहा था। जब वे दिल्ली रोड पर फिदेड़ी मोड के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार स्कूल बस ने दिनेश की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी और बेटी घायल हो गई। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस पहले मौके पर पहुंची और फिर अस्पताल पहुंचकर परिजन व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए। दिनेश के पिता भूरू सिंह ने आरोप लगाया कि चालक बड़ी लापरवाही से बस चला रहा था, जिस कारण हादसा हुआ। पुलिस ने भूरू सिंह की शिकायत पर स्कूल बस के ड्राइवर के खिलाफ केस तहत केस दर्ज कर लिया है। साथ ही पोस्टमार्टम के बाद दिनेश का शव परिजनों को सौंप दिया।