रेवाड़ी। बेटे की शादी के लिए लड़की देखने के बाद स्कूटी से वापस दिल्ली लौट रहे एक व्यक्ति को दिल्ली-जयपुर हाईवे पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका एक साथी घायल हो गया। दूसरे हादसे में हाईवे पर ही हीरो चौक के निकट मोटरसाइकिल की टक्कर से घायल हुई महिला की अस्पताल में मौत हो गई। कसौला व सेक्टर-छह थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के रघुवीर नगर निवासी अनिल कुमार और राजेंद्र सिंह स्कूटी पर जयपुर से दिल्ली वापस लौट रहे थे। वे जयपुर में अपने बेटे की शादी के लिए लड़की देखने गए थे। हाईवेेे पर असाही इंडिया पुल के निकट पहुंचे तो गड्ढे के कारण स्कूटी हाईवे पर गिर गई तथा वह दोनों भी सड़क पर जा गिरे। पीछे आ रहे वाहन ने राजेंद्र सिंह को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में अनिल को भी चोटें लग गई।
एक अन्य घटना में अलवर के गांव जाटूवास निवासी गोलू दस जुलाई को अपनी मां लाली देवी के साथ मालपुरा आए थे। मालपुरा के निकट दोनों सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रहे एक मोटरसाइकिल चालक ने लाली देवी को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया था। घायल लाली देवी को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। गोलू की शिकायत पर मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।