रेवाड़ी। जिले के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में नए सत्र के दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन और ट्रेड चयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 15 जुलाई कर दी गई है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने ट्रेड चयन का शेड्यूल जारी कर दिया है। अब अभ्यर्थी 15 जुलाई तक पोर्टल पर अपनी पसंद के ट्रेड का चयन कर उसे लॉक कर सकेंगे।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद ट्रेड चयन में किसी भी प्रकार का संशोधन या नया विकल्प स्वीकार नहीं किया जाएगा।ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 2 जून से शुरू हुई थी। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून तय की गई थी लेकिन तकनीकी कारणों और अभ्यर्थियों की मांग को देखते हुए इसे बढ़ाकर 15 जुलाई कर दिया गया।
आवेदन के बाद भी पोर्टल पर ट्रेड चयन का विकल्प उपलब्ध नहीं होने से अभ्यर्थी असमंजस में थे। अब विभाग की ओर से शेड्यूल जारी होने के बाद दाखिला प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है। बता दें कि आईटीआई दाखिलों के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी रहने के बावजूद 12 जून के बाद कई दिनों तक पोर्टल पर ट्रेड चयन का विकल्प दिखाई नहीं दे रहा था।
तकनीकी खामी के कारण अभ्यर्थी अपनी पसंदीदा ट्रेड का चयन नहीं कर पा रहे थे। विद्यार्थियों ने विभाग से शिकायत कर जल्द समाधान की मांग की थी। अब ट्रेड चयन का शेड्यूल जारी होने से अभ्यर्थियों को राहत मिली है और वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी पसंद का ट्रेड चुन सकेंगे।
-
10 सरकारी आईटीआई में 2832 सीटें उपलब्ध
गौरतलब है कि जिले के 10 सरकारी आईटीआई में 2,832 सीटें उपलब्ध हैं, जबकि निजी आईटीआई में करीब 2,500 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। सरकारी संस्थानों में सबसे अधिक 620 सीटें राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (रेवाड़ी) में हैं। इसके अलावा कुंड-मनेठी में 464, कोसली में 440, बेरली कलां में 368, महिला आईटीआई रेवाड़ी में 240, सहारनवास में 220, खरखड़ा और टांकड़ी में 196-196 सीटें उपलब्ध हैं। लेदर एवं फुटवीयर आईटीआई रेवाड़ी में 40 तथा सैनिक परिवार भवन आईटीआई रेवाड़ी में 48 सीटें निर्धारित की गई हैं।
इसके आधार पर तैयार होगी मेरिट
ट्रेड चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों की मेरिट तैयार की जाएगी और उपलब्ध सीटों के आधार पर विभिन्न आईटीआई में सीटों का आवंटन किया जाएगा। इसलिए सभी आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार ट्रेड का चयन कर पोर्टल को लॉक करना सुनिश्चित करें।
निदेशालय के अनुसार सभी पात्र 15 जुलाई तक ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन और पसंद के ट्रेड का चयन कर सकेंगे। अभ्यर्थी सभी उपलब्ध विकल्पों का चयन करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर ट्रेड चयन सुनिश्चित करें। अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन या नया विकल्प स्वीकार नहीं किया जाएगा।- सुरेंद्र सिंह, प्राचार्य, राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान