समाधान शिविर में शिकायत लेकर पहुंचे लोग। स्रोत : प्रशासन
रेवाड़ी। डीसी अभिषेक मीणा ने सोमवार को जिला सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर की अध्यक्षता की। शिविर में गांव आनंदपुर में रास्ते पर हो रहे अवैध निर्माण की शिकायत पर डीसी ने डीडीपीओ का जांच करते हुए उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गांव कोनसीवास में जोहड़ की पैमाइश करवाकर उसकी सफाई करवाने के लिए डीडीपीओ को निर्देश दिए हैं। अजय नगर में मेन सीवर लाइन बंद होने की शिकायत पर डीसी ने नगर परिषद के अधिकारियों को तत्काल समाधान करने को कहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी को टीसी दिलवाने के निर्देश
गांव बुढ़पुर में निजी स्कूल द्वारा बच्चे की टीसी न देने पर डीसी ने जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायत का समाधान करवाते हुए बच्चे की टीसी दिलवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा समाधान शिविर में नागरिकों द्वारा मुख्य रूप से फैमिली आईडी में इनकम में त्रुटि तथा सदस्य जोड़ने से संबंधित, राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस विभाग, बिजली विभाग, सीवरेज से संबंधित समस्याएं प्राप्त हुईं जिनमें से अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही समाधान करवा दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। समाधान शिविर में एसपी हेमेंद्र मीणा, एडीसी राहुल मोदी, जिला नगर आयुक्त ब्रह्म प्रकाश, एसडीएम सुरेश कुमार, सीटीएम जितेन्द्र कुमार, डीएसपी पवन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।