कोसली। उपमंडल के गांव सुरहेली में डीसी अभिषेक मीणा की अध्यक्षता में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न सरकारी विभागों ने जन शिकायतों का निवारण करने के लिए हेल्प डेस्क स्थापित की हुई थी। डीसी अभिषेक मीणा ने विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लाभपात्रों का शत-प्रतिशत पंजीकरण करवाना सुनिश्चित किया जाए, जिससे कि एक नवंबर से सभी को 2100 रुपये का लाभ मिलना शुरू हो जाए। रिहायशी प्रमाण पत्र बनवाने में किसी महिला पात्र को परेशानी आ रही है तो उसे दूर किया जाए।
डीसी अभिषेक मीणा ने बीएंडआर के एसडीओ को निर्देश दिए कि रेवाड़ी से बेरली व नाहड़ रोड के पुनर्निर्माण का कार्य जल्द शुरू करवाया जाए। खेल स्टेडियम में डीसी अभिषेक मीणा ने बाॅस्केटबाॅल के रोमांचक मैच को देखा तथा यहां के खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा की सराहना की। स्टेडियम में दौड़ प्रतियोगिता भी करवाई गई।
उसके बाद उन्होंने मंचासीन होकर बारी-बारी से ग्रामीणों की शिकायतें सुनी। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इनका तत्परता से समाधान करवाएं।
इन विभागों की आई शिकायतें
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में क्रिड की टीम ने सुरहेली, कृष्ण नगर, सहादत नगर, श्याम नगर आदि गांवों के निवासियों की परिवार पहचान पत्र से संबंधित समस्याओं का निराकरण किया। खाद्य एवं पूर्ति विभाग की स्टाल पर राशन कार्ड बनवाने तथा अंत्योदय सूची से नाम कटने जैसी शिकायतों को सुना गया। बिजली वितरण निगम, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, लोक निर्माण, पशुपालन, एलडीएम, रोडवेज, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मत्स्य पालन, रेडक्रास सोसायटी, पुलिस, मनरेगा आदि विभागों की डेस्क पर काफी संख्या में ग्रामवासी अपनी शिकायतों के संदर्भ में बातचीत की।