रेवाड़ी। डीसी अभिषेक मीणा ने वीरवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलास्तरीय समाधान शिविर में आई अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निदान कर दिया गया और शेष पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए गए।
समाधान शिविर में गांव कोनसीवास में जोहड़ में पानी की व्यवस्था करने के लिए डीसी ने पंचायत विभाग के अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
गांव दौलतपुर में बिजली के खंभे टूटे व झुके हुए हैं। इसकी शिकायत पर डीसी ने संज्ञान लेते हुए बिजली निगम के अधिकारियों को तुरंत इस समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
समाधान शिविर में परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सीवरेज आदि से संबंधित शिकायतों का संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि जिला मुख्यालय व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व वीरवार कार्य दिवस पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लगाए जा रहे समाधान शिविर में लोगों की शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस अवसर पर एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा, जिला नगर आयुक्त ब्रह्म प्रकाश, एसडीएम रेवाड़ी सुरेंद्र कुमार, सीटीएम जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।