जिले में लगातार कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है, बुधवार को जिले में डीसी के पिता सहित कुल 71 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। वहीं जिले में संक्रमण का स्तर कहां तक पहुंच चुका है इसका पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 12 गांव व चार शहर के कलस्टर में सीरो सर्वे किया जाएगा। सीरो सर्वे के तहत कोरोना होने के बाद खुद ही ठीक होने की स्थिति का आंकलन किया जाता है। इससे पता चलता है कि कितनी आबादी में संक्रमण का फैलाव हो चुका है। इस दौरान लोगों में एंटीबॉडी पता करने के लिए गांव के प्रत्येक कलस्टर से 36 व शहर के कलस्टर से 72 लोगों के सैंपल लिए जाएंगे। शहर के कलस्टर में राजीव नगर अर्बन सीएचसी, आकेड़ा, कुतुबपुर व सेक्टर- 4 हुडा डिस्पेंसरी शामिल हैं। वहीं गांवों में संगवाड़ी, शहबाजपुर खालसा, लाधुवास, डहीना, चौकी नंबर- 2, नांगल, खोल, बोहतवास अहीर, ढाणी सांतो, धारूहेड़ा, अलावलपुर व ततारपुर शामिल हैं। बताया जा रहा है सर्वे अक्तूबर के तीसरे से सप्ताह में शुरू कर दिया जाएगा। सीरो सर्वे में ऐसे लोगों के सैंपल लिए जाते हैं, जिनकी पहले से कोरोना जांच नहीं हो हुई है।
जिले में अब तक कुल 80722 लोगों की हो चुकी कोरोना जांच
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बुधवार तक 80722 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 6597 कोविड-पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 6014 नागरिक कोविड संक्रमण से ठीक हुए हैं और अब तक 34 मरीजों की मौत हुई है। 549 एक्टिव केस रह गए हैं तथा 73310 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। 815 सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है। 15 नागरिक क्वारंटीन किए गए हैं, जो विदेश व देश के अन्य हिस्सों से यात्रा करके आए हैं। 27 मरीज विभिन्न अस्पतालों में व तीन जिला कोविड केयर सैंटर में भर्ती हैं। 519 कोविड मरीज होम आइसोलेट किए गए हैं।
बुधवार को शहर में मिले 37 मरीज
71 नए कॉविड पॉजिटिव केस में से 36 रेवाड़ी शहर, 7 धारूहेड़ा, 5-5 बावल व मुरलीपुर, 2-2 पाड़ला, बासदुधा व टांकड़ी तथा एक-एक बलवाड़ी, डीसी रेजीडेंस, ढाकिया, गोकलगढ़, माजरा श्योराज, शहबाजपुर खालसा, जड़थल, प्राणपुरा, सीहा, जीवड़ा, नंगली गोधा व जैनाबाद से संबंधित हैं। 31 ठीक होने वालों में 14 रेवाड़ी शहर, 8 धारूहेड़ा, 3 कोसली तथा एक-एक जलियावास, जाडरा, मन्दौला, बिटौडी, बिठवाना व कोनसीवास से हैं।
सीरो सर्वे से संक्रमण फैलाव के स्तर का आंकलन किया जाता है। 16 कलस्टर में सर्वे किया जाएगा। अक्तूबर के तीसरे सप्ताह में सैंपल लेकर कितने लोगों में एंटीबॉडी बन चुकी इसकी जानकारी जुटाई जाएगी। संक्रमण के फैलाव की जानकारी के बाद आगे तैयारियों की जाती हैं।
डॉ. अशोक कुमार, डिप्टी सिविल सर्जन, रेवाड़ी