रेवाड़ी। जिले के गांव कंवाली में रात्रि ठहराव के दौरान डीसी अभिषेक मीणा व एसपी हेमेंद्र मीणा ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। दोनों अधिकारियों ने समस्याएं सुनीं और उनका समाधान कराने का आश्वासन दिया।
डीसी व एसपी ने खेल मैदान में युवाओं व विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। खेल गतिविधियां भी आयोजित की गईं। पौधरोपण भी किया गया। डीसी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी को देखा। डीसी ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय का दौरा किया। उन्होंने बीडीपीओ परिसर में संबंधित कर्मचारियों से बातचीत भी की और बीडीपीओ को सप्ताह में दो दिन सभी ग्राम सचिव को कार्यालय में जनसुनवाई के लिए मौजूद रहने के आदेश दिया। वहीं, डहीना में ही निर्माणाधीन तहसील भवन का भी निरीक्षण करते हुए चल रहे विकास कार्य का जायजा लिया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
एसपी हेमेन्द्र मीणा ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि युवाओं में बढ़ती ड्रग्स की प्रवृत्ति को हर हाल में रोकना है। उन्होंने कहा कि यदि गांव में किसी व्यक्ति द्वारा ड्रग्स बेचे जाने की जानकारी मिलती है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस या जिला प्रशासन को दें ताकि समय रहते उस पर ठोस कार्रवाई की जा सके। उन्होंने गांव में भाईचारा बनाए रखने की अपील की।