खलियावास के पास हुआ ट्राला दुर्घटनाग्रस्त। स्रोत : ग्रामीण
धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव खलियावास के पास शुक्रवार को एक ट्राला सर्विस लेन किनारे बने खुले गहरे नाले में फंसकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
ट्राला सर्विस रोड से गुजर रहा था, तभी सड़क किनारे बने खुले नाले में उसका पिछला टायर उतर गया, जिससे वाहन एक तरफ झुक गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
गांव खरखड़ा निवासी सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश यादव ने इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के चेयरमैन एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर हाईवे किनारे बने खुले नालों को तुरंत ढकने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि सर्विस लेन के साथ बने ये नाले काफी गहरे हैं और सड़क के साथ समतल बने होने के कारण कई स्थानों पर स्पष्ट दिखाई तक नहीं देते, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह इसी प्रकार खुले नाले मौजूद हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। विशेषकर रात के समय, बारिश अथवा धुंध के दौरान ये नाले वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं।
प्रकाश यादव ने मांग की है कि एनएचएआई तुरंत प्रभाव से खुले नालों पर मजबूत ढक्कन, सुरक्षा रेलिंग और चेतावनी संकेत लगाए ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।