रेवाड़ी। दैनिक रेल यात्री व जन कल्याण संघ ने आरपीसी (रेवाड़ी-फुलेरा कोर्ड) रेलमार्ग पर नई ट्रेनें चलाने की मांग से संबंधित रेल मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन रेवाड़ी रेलवे स्टेशन के अधीक्षक को सौंपा है।
संघ के अध्यक्ष गणेश शर्मा ने बताया कि आरपीसी रेलमार्ग से जुड़े लाखों यात्रियों को आज भी कई प्रमुख धार्मिक, शैक्षणिक और व्यापारिक शहरों के लिए सीधी रेल सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसके कारण यात्रियों को यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय, धन और असुविधा का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए नई रेल सेवाओं का संचालन बेहद आवश्यक है। ज्ञापन में दादर–श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलसेवा को नियमित संचालित करने की मांग की गई है। इस ट्रेन के संचालन को लेकर रेलवे की ओर से आदेश जारी किए जा चुके हैं और दो ट्रिप की स्वीकृति भी मिल चुकी है। इसके बाद भी ट्रेन शुरू नहीं की गई।
हरिद्वार से जयपुर के बीच नई रेलसेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है। संघ ने सुझाव दिया है कि इस ट्रेन को श्री श्याम एक्सप्रेस या खाटू नगरी एक्सप्रेस नाम दिया जाए और इसका मार्ग हरिद्वार-रेवाड़ी-नारनौल-नीमकाथाना-रींगस-जयपुर रखा जाए। इससे हरिद्वार और खाटूश्याम जी के बीच श्रद्धालुओं को सीधा रेल संपर्क मिल सकेगा।
कोटा, उज्जैन और भोपाल के लिए चलाई जाए ट्रेन
संघ ने कोटा, उज्जैन, इंदौर और भोपाल के लिए नई ट्रेन चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और धार्मिक यात्रियों को लाभ मिलेगा। यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो व्यापक जनसमर्थन जुटाकर रेलवे बोर्ड, प्रधानमंत्री कार्यालय और अन्य संबंधित अधिकारियों के समक्ष भी यह मुद्दा उठाया जाएगा। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के विकास के लिए रेल सुविधाओं के विस्तार को जरूरी बताया।