रेवाड़ी। बावल रोड स्थित गैस एजेंसी में अनियमितताओं का मामला सामने आया है जहां बिना बुकिंग किए ही उपभोक्ताओं के नाम पर गैस सिलिंडर डिलीवर दिखा दिया गया।
हंसनगर निवासी रिंकू तंवर ने बताया कि उन्होंने लंबे समय से गैस सिलिंडर की बुकिंग नहीं कराई थी। अंतिम बार 23 जनवरी को सिलिंडर लिया था लेकिन 19 मार्च को उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया जिसमें सिलिंडर डिलीवर होने की सूचना दी गई। यह मैसेज देखकर वह हैरान रह गए क्योंकि उन्होंने इस दौरान कोई बुकिंग ही नहीं कराई थी।
इसी तरह गांव करनावास से पूरण यादव ने बताया कि बिना बुकिंग किए ही उनके नाम पर सिलिंडर जारी दिखा दिया गया। जब दोनों उपभोक्ता इस संबंध में एजेंसी पहुंचे तो वहां का रिकॉर्ड देखकर उन्हें और बड़ा झटका लगा। एजेंसी के दस्तावेजों में सिलिंडर की डिलीवरी दर्ज थी जबकि हकीकत में उन्हें कोई सिलिंडर नहीं मिला था।
उपभोक्ताओं का कहना है कि इस तरह की गड़बड़ी से न केवल उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है बल्कि उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर भी लगाने पड़ रहे हैं। एजेंसी कर्मचारी सही तरीके से बुकिंग दर्ज नहीं कर रहे और उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है।
इस मामले ने गैस वितरण प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि अगर बिना बुकिंग के ही सिलिंडर डिलीवर दिखाए जा सकते हैं तो इससे बड़े स्तर पर गड़बड़ी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
-
वर्जन:
इस मामले को लेकर जांच की जाएगी। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि आखिर किस स्तर पर गलती हुई है।
-रविंद्र कुमार, सप्लाई इंचार्ज, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग रेवाड़ी
रिंकू तंवर, शिकायतकर्ता
रिंकू तंवर, शिकायतकर्ता
रिंकू तंवर, शिकायतकर्ता