धारूहेड़ा। ओम नगर में बुधवार देर शाम एक परचून की दुकान में घरेलू गैस सिलिंडर से छोटे सिलिंडर में गैस भरते वक्त धमाका हो गया। घटना के बाद दुकान के अंदर मौजूद चार मजदूर झुलस गए। आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
ओम नगर में अजीत पुत्र रघुवीर सिंह निवासी मीरपुर के किराये के मकान में मोनू निवासी उत्तर प्रदेश परचून की दुकान संचालित करता है। बताया जा रहा है कि दुकान के अंदर ही बड़े गैस सिलिंडर से छोटे सिलिंडर में गैस भरी जा रही थी। इसी दौरान अचानक सिलिंडर फट गया। दुकान के अंदर मौजूद लोग चपेट में आ गए।
हादसे में झुलसने वाले अभय (20) पुत्र मनोज कुमार निवासी जिला वैशाली (बिहार), विनय (25) पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी जिला वैशाली (बिहार), चंदन निवासी बिहार और पिंटू निवासी बिहार हैं। सभी धारूहेड़ा की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत हैं। यहां किराये पर रह रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घबराकर मौके की ओर दौड़ पड़े। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की। एंबुलेंस से सभी घायलों को सरकारी अस्पताल रेवाड़ी भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो लोग अभय व विनय गंभीर हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है। हादसे की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुकान में घरेलू गैस सिलिंडर से छोटे सिलिंडर में गैस भरने का काम किस आधार पर किया जा रहा था। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इंसेट
हादसे के बाद खड़े हो रहे सवाल
यह हादसा एक बार फिर रिहायशी क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलिंडर से अवैध रूप से गैस ट्रांसफर किए जाने के खतरनाक चलन पर सवाल खड़े करता है। बिना सुरक्षा उपकरणों और निर्धारित मानकों के गैस ट्रांसफर करना कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। एसएचओ सेक्टर-6 थाना धारूहेड़ा सचिन कुंडू ने बताया कि ओम नगर में गैस सिलिंडर फटने की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची। हादसे में झुलसे चारों व्यक्तियों को एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल रेवाड़ी भेज दिया गया है, जहां इलाज चल रहा है। बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बड़े सिलिंडर से छोटे सिलेंडर में गैस भरते समय हादसा हुआ।