बर्तन की खरीदारी करते ग्राहक। संवाद
रेवाड़ी। धनतेरस की पूर्व संध्या पर शहर के बाजारों में खरीदारी को लेकर रौनक देखने को मिली। सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई, जो शाम होते-होते और बढ़ गई। शहर के मुख्य बाजारों, सर्राफा बाजार और बर्तन बाजार में देर शाम तक खरीदारों की भीड़ लगी रही। दिवाली से पहले शुभ खरीदारी के लिए लोग परिवार के साथ बाजार पहुंचे और अपनी जरूरत के अनुसार सामान खरीदा।
लोगों ने स्टील, पीतल और तांबे के बर्तनों के साथ रसोई में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान की खरीदारी की। वहीं, सर्राफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषण और सिक्के खरीदने के लिए भी ग्राहक पहुंचे। इसके अलावा घरों को सजाने के लिए सजावटी सामान, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, दीपक, झालर और लाइटों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी।
बाजारों में बढ़ी भीड़ के चलते कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया हुआ था। वहीं, ग्राहकों ने भी त्योहार के मद्देनजर पहले से खरीदारी की तैयारी कर रखी थी।
व्यापारियों को उम्मीद है कि धनतेरस के दिन खरीदारी का सिलसिला और तेज होगा। दिवाली के त्योहार को देखते हुए बाजारों में अगले कुछ दिनों तक इसी तरह रौनक बने रहने की संभावना है।