रेवाड़ी। दिवाली मनाने के लिए जिले में काम करने वाले लोग आज घर के लिए रवाना हो गए। इसके चलते बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ उमड़ी रही।
दिवाली और गोवर्धन पूजा के अवसर पर दूसरे शहरों में नौकरी, कारोबार और पढ़ाई करने वाले लोग अपने घरों की ओर लौट रहे हैं। इसके चलते रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों की काफी भीड़ देखने को मिली।
ट्रेनों और बसों में यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण लोगों को बैठने के लिए सीट तक नहीं मिल पा रही है। कई यात्रियों को खड़े होकर सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर दिनभर यात्रियों की आवाजाही बनी हुई है। यूपी, बिहार, पंजाब, दिल्ली, जयपुर, नारनौल, महेंद्रगढ़, हिसार और अन्य शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ है। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही उसमें सवार होने के लिए यात्रियों के बीच जल्दी रहती है।
वहीं, पहले से ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के कारण नए यात्रियों को बैठने के लिए जगह नहीं मिल पाती। आरक्षित डिब्बों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। जनरल कोच में स्थिति और अधिक परेशानी वाली बनी हुई है।
बस स्टैंड पर भी यात्रियों की भीड़ कम नहीं
बस स्टैंड पर भी यात्रियों की भीड़ कम नहीं है। रेवाड़ी से दिल्ली, गुरुग्राम, नारनौल, महेंद्रगढ़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की ओर जाने वाली बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। बस के आते ही यात्री सीट पाने के लिए चढ़ने की कोशिश करते हैं। कई बार बस में जगह नहीं मिलने के कारण यात्रियों को अगली बस का इंतजार करना पड़ता है। वहीं, कुछ यात्री खड़े होकर ही अपने गंतव्य तक पहुंचने को मजबूर हैं। रोजाना 30 हजार के करीब यात्री सफर कर रहे हैं।
महिलाओं और बच्चों को अधिक परेशानी
भीड़ का सबसे अधिक असर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। सामान के साथ सफर करने वाली महिलाओं को बसों और ट्रेनों में चढ़ने तथा उतरने में काफी दिक्कत हो रही है। सीट नहीं मिलने के कारण उन्हें लंबे समय तक खड़े रहना पड़ रहा है। छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों को भीड़ में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, बुजुर्ग यात्रियों के लिए भीड़ के बीच जगह बनाकर सफर करना चुनौती बना हुआ है। त्योहारी सीजन में यात्रियों की संख्या बढ़ने से परिवहन व्यवस्था पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
-मुझे गुरुग्राम जाना था। छोटे बच्चे और सामान के साथ बस में चढ़ने में परेशानी, सीट नहीं मिलने से लंबे समय तक खड़े रहना पड़ा।-सुमन देवी।
-भीड़ के कारण बैठने की जगह नहीं मिल रही, खड़े होकर सफर करना मुश्किल हो रहा है।-रामपाल
-दिल्ली जाने के लिए ट्रेन में पैर रखने तक की जगह नहीं है। ट्रेन और बस में सीट नहीं मिलने से सामान लेकर खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है और अगली बस का इंतजार करना पड़ रहा है।- सुधीर
सफर करने के लिए बस में चढ़ती महिलाएं। संवाद