रेवाड़ी अनाज मंडी में गेहूं की खरीद करते अधिकारी।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। जिले में गेहूं की खरीद जारी है, लेकिन धीरे-धीरे किसानों की संख्या कम होने लगी है। बुधवार को कोरोना संक्रमण की गाइडलाइन का पालन करने के साथ ही जिले की रेवाड़ी, बावल व कोसली की मंडियों में 169 किसानों से 7738 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। इसके साथ ही मंडी प्रशासन की ओर से कोरोना संक्रमण के खतरे को ध्यान में रखते हुए मास्क व सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई है।
बता दें कि जिले में रेवाड़ी, बावल और कोसली की अनाज मंडियों में गेहूं की खरीद की जा रही है। सभी मंडियों में किसानों के साथ-साथ उनके द्वारा पैदावार भरकर लाए गए वाहनों तक को सैनिटाइज किया जा रहा है। वहीं पुलिस व चिकित्सकों की टीम की तैनाती भी मंडियों में की गई है। जिले की तीनों मंडियों में 7738 क्विंटल गेेहूं की खरीद की गई। इनमें रेवाड़ी में 117 किसानों से 5651 क्विंटल, बावल में 19 किसानों से 1300 क्विंटल व कोसली की मंडी में 33 किसानों से 787 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई।
-
मंडियों में खरीद व्यवस्था बेहतर ढंग से चल रही है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए मास्क व सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जिन किसानों के पास मास्क नहीं होते उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
- सत्यप्रकाश, सचिव मार्केट कमेटी रेवाड़ी।