बड़े तालाब के पास संजय गांधी पार्क में लेन-देन के विवाद में एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से घायल हुए युवक को पहले ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।
दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। वारदात से शहरवासियों में दहशत का माहौल है। घटना के समय पार्क में इधर-उधर बैठे लोग भी गोली की आवाज सुनकर वहां से निकल भागे और वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सोमवार दोपहर डेढ़ बजे डहीना निवासी करण सिंह उर्फ कुणाल (27) बड़े तालाब से सटे संजय गांधी पार्क पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यहां उसके सात-आठ साथी भी थे। आधे घंटे तक युवकों के दो गुटों में बहसबाजी हुई और एक युवक ने कुणाल को देसी कट्टे से गोली मार दी।
गोली कुणाल के दाएं जबड़े से होती हुई कान के नीचे जा लगी। आनन-फानन में घायल को साथी ट्रामा सेंटर में उपचार के लिए ले गए। घायल के रोहतक पीजीआई रेफर होने के बाद सिटी थाना प्रभारी हितेंद्र सिंह और अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचा और गोली का खोल बरामद किया।
कुणाल बोला-सोनू नाई ने मारी गोली
पुलिस को दिए बयान में कुणाल ने बताया कि सोनू नाई ने उसे फोन कर बकाया डेढ़ लाख रुपये लेने के लिए बड़े तालाब के पास बुलाया था। वह वहां पहुंचा तो उसे बड़ा तालाब के पास ही रहने वाले सोनू नाई ने गोली मार दी। एक फायर के बाद उसने दूसरी गोली मारने की भी कोशिश की लेकिन साथ मौजूद युवकों ने उसे रोक दिया।
सट्टे की रकम का दिख रहा विवाद
मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि घटना से करीब आधे घंटे पहले तक 10 युवक आपस में बहस करते रहे। कोई 20 हजार तो कोई 50 हजार रुपये हिस्सा मांग रहा था। यही नहीं रकम पहले और बाद में लेन-देन को लेकर भी विवाद हो रहा था। सूत्रों की मानें तो सोनू नाई सट्टा लगवाता है और इस बात पर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आ रही है।
लगातार हो रही है वारदात
पिछले तीन दिनों में यह फायरिंग की लगातार तीसरी वारदात है। 13 सितंबर को उत्तम नगर में गुर्जरवाड़ा निवासी विक्की पर राजेश ने जान लेने की नियत से फायर झोंके थे। इसी रोज रात में रामसिंहपुरा में प्रॉपर्टी डीलर दीवान सिंह के ऑफिस में न मिलने पर तीन बदमाशों ने ऑफिस के शीशे पर फायर झोंका था। घटना के समय दीवान सिंह ऑफिस से कुछ ही दूरी पर अंधेरे में फोन पर बात कर रहा था।
कोट्स
पीड़ित करण सिंह के बयान ले लिए हैं। गोली मारने वाले आरोपी सोनू और उसके साथियों के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है। - हितेंद्र सिंह, प्रभारी, शहर थाना