बावल-अलवर रेल मार्ग के बीच नांगल तेजू गांव के पास रविवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त न होने पर जीआरपी रेवाड़ी ने शव को बावल स्थित मोर्चरी में रखा है।
जीआरपी एएसआई उम्मेद सिंह ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे गांव नांगल तेजू अंडरपास के नजदीक रेल लाइन चेक कर रहे रेलवे कर्मचारी मांगेराम व बलजीत ने पटरी पर एक क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा।
उसने मामले की जानकारी बावल स्टेशन मास्टर और जीआरपी को दी मृतक की उम्र करीब 30-35 वर्ष है, चेहरा गोल और मजबूत कद-काठी थी।
मृतक के शरीर पर स्लेटी रंग की पैंट और मटमैले रंग की टी-शर्ट और पैरों में काले रंग की चप्पल थी। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से किसी तरह के कागजात नहीं मिले, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। फिलहाल जीआरपी मृतक की शिनाख्त के प्रयास में लगी है।