गढ़ी बोलनी रोड स्थित गांव शहबाजपुर क्षेत्र में हाल ही में खुले ठेके पर सुबह ग्रामीणों ने ताला जड़ दिया। ठेकेदार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ठेके का ताला खुलवाया और ठेके के कागजों की जांच की। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेके 100 मीटर के दायरे में कैंब्रिज स्कूल, सोमाणी कॉलेज एवं शिव मंदिर है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल एवं मंदिर के पास ठेका खोलना गलत है,इसलिए इसको यहां से हटवाया जाए। ठेकेदार ने मौके पर पहुंचकर ठेका खोलने संबंधी कागजात पुलिस को दिखाए।
पहले लगाया ताला, पुलिस पहुंचने पर नहीं दी शिकायत
सुबह लगभग दस बजे शहबाजपुर के ग्रामीण एवं कैंब्रिज स्कूल के स्टाफ ने ठेके पर पहुंचकर ताला जड़ दिया और नारेबाजी कर रोष जताया। ग्रामीणों ने प्रशासन से ठेका हटाने की मांग की। ताला जड़ने पहुंचे नत्थू, रामौतार, बबलु, पवन कुमार एवं धर्मेँद्र कहना है कि ठेका स्कूल एवं मंदिर के पास है,जो कि संवैधानिक रूप से गलत है। उन्होंने कहा कि यहां पर ठेका खुलने से बच्चों पर प्रभाव पड़ रहा है,इसलिए तुरंत यहां से ठेके को हटवाया जाए। हालांकि बाद में पुलिस के पहुंचने पर किसी ने भी शिकायत नहीं दी।
ठेकेदार बोले उनके पास है अनुमति
गढ़ी बोलनी रोड पर एक अप्रैल से ही देशी का ठेका खोला गया है। यह ठेका शहादत नगर निवासी श्याम यादव के नाम है। लेकिन आसलवास निवासी रतिरात यह देसी ठेका चला रहे हैं। रतिराम ने बताया कि उनके पास ठेका चलाने की अनुमति है, इसके बाद ही उन्होंने ठेका खोला है।
वर्जन-
ग्रामीणों द्वारा ठेेके पर ताला जड़ने की सूचना मिली थी। जब वह वहां पर पहुंचे तो उन्हें कोई ग्रामीण नहीं मिला। ठेकेदार से सभी कागजात मंगवाए गए हैं। ग्रामीणों की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली, मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
-कर्मबीर खटाना, इंस्पेक्टर, कसौला