पानीपत-कांडला तेल पाइप लाइन में सेंध लगाने वाला तेल माफिया गिरोह इतना शातिर है कि रात में सारा खेल करता ताकि किसी को उनकी करतूत का पता नहीं चल सके।
पिछले चार महीने में इन्होंने 60 मीटर तक खुदाई कर पाइप लाइन बिछा दी, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगने दी। चोरों ने रात के समय खेत में खुदाई कर पाइप लाइन को बिछाया और इसके बाद एक मशीन की सहायता से मेन पाइप लाइन को पंचर किया ताकि तेल निकाला जा सके।
पूछताछ में पता चला है कि आरोपी फतेहाबाद के गांव कोलगढ़ निवासी कुलदीप इससे पहले भी जिले के गांव कन्हौरा-कन्होरी के नजदीक से तेल चोरी करते हुए पकड़ा जा चुका है। उसके खिलाफ रोहड़ाई थाना में तेल चोरी का मामला दर्ज है। कुलदीप के खिलाफ बहरोड़ व चितौडगढ़ में भी तेल चोरी के मामले दर्ज हैं।
ट्रक में रखा है टैंकर
गिरोह क लोगों ने सामान्य ट्रक में एक टैंकर लगा रखा है, ताकि लोगों को तेल ले जाने का आभास न हो।
पूर्व आईओसी कर्मचारी, भट्टा मालिक भी संलिप्त
एसपी बलवान सिंह ने बताया कि पूूर्व में तेल चोरी के खेल में पकड़े गए आरोपी आईओसी के पूर्व कर्मचारी से लेकर भट्टा मालिक तक इस खेल में शामिल हो सकते हैं। तेल चोर गिरोह के पकड़े जाने से पुलिस उन लोगों तक पहुंच सकेगी जो तेल की खरीद कर बड़े खेल में लगे हुए हैं।