रेवाड़ी के कोसली में पंजाब नेशनल बैंक की खेड़ा आलमपुर शाखा में चोरों ने शनिवार रात सेंधमारी कर नकदी पर हाथ साफ कर लिया। चोरी हुई करेंसी में 80 लाख रुपये पुराने (500 और 1000 के नोट) और एक लाख रुपये (10 और 100 रुपये के नोट) हैं। जानकारी मिलने पर बैंक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सुबह डीएसपी कोसली के नेतृत्व में स्थानीय रोहड़ाई थाना पुलिस ने मुआयना किया। थाना पुलिस और सीआईए रेवाड़ी की टीम मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
चोरों ने बेहद शातिर ढंग से वारदात को अंजाम दिया। बैंक के आगे की तरफ से सीसीटीवी कैमरों की जद में चोर आ जाते। इसलिए उन्होंने बैंक की साइड की दीवार को बैंक में घुसने का रास्ता बनाया। यहां लगी खिड़की की लकड़ी और फिर सरियों को उखाड़ा। इसके बाद सीसीटीवी कैमरों के वायर काटकर अंदर रखे बैंक के लॉकर को तोड़कर अंदर रखे 80 लाख रुपये (500 और 1000 के नोट) और एक लाख रुपये (10 और 100 के नोट) पर हाथ साफ कर दिया। फिलहाल चोरी हुई रकम की औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन यह तय है कि चोरी हुई राशि बढ़ सकती है।
खेतों में बैंक शाखा, सुरक्षाकर्मी भी नहीं
पीएनबी की यह शाखा एनएच-71 के किनारे खेड़ा आलमपुर स्थित ब्रांच के खेत में बनी है। इस बैंक के चारों तरफ कोई बिल्डिंग नहीं है। इसके आसपास कोई आबादी नहीं रहती है। यही नहीं बैंक ने शाखा के लिए कोई सुरक्षाकर्मी भी तैनात नहीं किया है। सुबह कुछ दूरी पर रहने वाले लोगों को खिड़की टूटी दिखने पर घटना का पता पुलिस और बैंक अधिकारियों को चला। पंजाब नेशनल बैंक की खेड़ा आलमपुर ब्रांच पर पहली भी निशाने पर आई है। इससे पहले पिछले साल अक्तूबर में कार सवार बदमाशों ने बैंक को निशाना बनाया था। तब कार से आए असलहाधारी बदमाशों ने दिन-दहाड़े नौ लाख रुपये के करीब की लूट को अंजाम दिया था। पुलिस की मुस्तैदी की वजह से मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस के हाथ लगा था। इसके बाद एक-एक कर सभी आरोपी भी पुलिस ने धर दबोचे थे। बैंक में शनिवार देर रात जिस समय वारदात हुई, उस वक्त वहां दो से तीन दिन का पब्लिक का एक्सचेंज किया कैश रखा था। बैंक में चोरी की सूचना पर खाताधारकों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि सभी को आश्वस्त किया गया कि उनके खातों में जमा रकम पर कोई आंच नहीं आयी है। जानकारी के मुताबिक बैंक से अमूमन शनिवार को कैश निकल जाता था।
पुलिस की जांच में बैंक पर भी आंच
पुलिस की शुरूआती जांच की बात करें तो उसमें बैंक पर भी आंच आ रही है। एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बैंक की लापरवाही के संदर्भ में आलाधिकारी को जानकारी देने के साथ ही कुछ कड़े प्रावधान की व्यवस्था कराई जाएगी। सुरक्षा के नाम पर बैंक में कुछ भी नहीं था। वह भी तब जबकि बैंक को पूर्व में भी बदमाश अपना निशाना बना चुके हैं। सुरक्षाकर्मी न होने के कारण चोर इत्मिनान के साथ वारदात को अंजाम दे गए।
जिस तरह से चोरी हुई है वह चौंकाने वाला है। इस संदर्भ में विभागीय जांच करवाई जा रही है। भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाएगी। बैंक से करीब 81 लाख की करेंसी (बंद और चालू) की चोरी हुई है। - नरपाल यादव, एलडीएम, पंजाब नेशनल बैंक, रेवाड़ी
खेड़ा आलमपुर में बैंक चोरी में पूरी तरह से बैंक अधिकारियों की लापरवाही सामने आई है। एक साल पहले नौ लाख तीन हजार रुपये की डकैती होने बाद भी बैंक ने सुरक्षा का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं था। न ही बैंक में सुरक्षा गार्ड था। चोरों की तलाश की जा रही है। - अनिल कुमार, डीएसपी, कोसली