रेवाड़ी के नंदरामपुर बास स्थित एक पेट्रोल पंप पर शुक्रवार रात हथियारबंद बदमाशों ने एक सेल्समैन को बंधक बनाकर 50 हजार रुपये, मोबाइल और कार लूट ली। सूचना मिलने पर देर रात ही धारूहेड़ा एसएचओ और डीएसपी मो. जमाल मौके पर पहुंचे। सेल्समैन से पूछताछ करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी।
हथियारबंद बदमाशों ने एक बार फिर पेट्रोल पंप को निशाना बनाकर लूट को अंजाम दिया। घटना धारूहेड़ा क्षेत्र में नंदरामपुर बास स्थित राव इंदर सिंह फ्यूल सेंटर की है। रात 12.58 बजे पहले दो बदमाशों ने ऑफिस रूम का गेट खोला। वहां फ्यूल स्टेशन संचालक के भाई मनोज को सोता देखकर वापस चले गए। इसके बाद चार बदमाशों ने दूसरे कमरे में सोए सेल्समैन दीपक को गन प्वाइंट पर लिया। उसे ऑक्स केबल वायर से बंधक बनाकर अलमारी की चाबी ली और 50 हजार रुपये की नकदी लूट ली। इसी कमरे में रखे दो मोबाइल और जाते समय पंप पर ही खड़ी एक नई कार भी लेते गए।
छह सीसीटीवी थे खराब, इसका मिला फायदा
राव इंदर सिंह फ्यूल सेंटर पर कुल आठ सीसीटीवी लगे थे। इनमें से छह 15 दिनों से खराब पड़े थे। पेट्रोल पंप की निगरानी का काम महज दो सीसीटीवी के भरोसे था। इनमें से एक सीसीटीवी पंप के फ्यूल डिस्ट्रिब्यूशन प्वाइंट्स की तरफ था जबकि दूसरा एक अन्य कमरे में था। हथियारबंद बदमाश वारदात को को अंजाम देने से पहले कमरे में झांकने गए तो महज चंद सेकेंडों के फुटेज में वे नजर आए। इसके अलावा पूरी वारदात सीसीटीवी की नजर में नहीं आ सकी।
बिना वाहन वारदात अंजाम देने आए
पुलिस की पूछताछ में सेल्समैन दीपक ने बताया है कि हथियारबंद चारों बदमाश लूटी कार में ही बैठकर गए। जिस दिशा की तरफ वे गए उसके पीछे कोई और गाड़ी भी नहीं गई थी। इसके अलावा वारदात के दौरान एक बाइक सवार फ्यूल डलवाने आया था। हथियारबंद लोगों को देखकर वह भाग निकला। ऐसे में बड़ा सवाल है कि आपराधिक वारदात को अंजाम देने आए बदमाश बिना वाहन आए थे। यह कैसे मुमकिन हो सकता है। अगर कार की चाबी न मिलती तो बदमाश कैसे भागते। फ्यूल स्टेेशन पर कितने लोग सोते हैं इसकी कोई तय गिनती नहीं थी। कभी तीन, कभी चार तो कभी पांच तक लोग फ्यूल स्टेशन पर सोते थे। शुक्रवार देर रात ही दो लोग पंप पर सोए थे। इसी रात हथियारबंद बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
कार और मोबाइल लूट कर सकती है मदद
सीसीटीवी में महज दो ही बदमाशों की फुटेज आ पाई हैं। दो बदमाशों का तो हुलिया भी क्लीयर नहीं हो पाया है। वारदात के बाद बदमाश जिस कार को लेकर भागे उससे और जिन मोबाइल को वो लेकर गए उनके आधार पर भी काफी हद तक लोकेशन मिल सकती है। ऐसे में पुलिस अब सेल्समैन दीपक से पूछताछ के अलावा कार और मोबाइल लोकेशन भी लगातार ले रही है। अमूमन दूरदराज क्षेत्रों के फ्यूल स्टेशन रात होते ही बंद हो जाते हैं लेकिन राव इंदर सिंह फ्यूल स्टेशन जिस जगह है, वहां से राजस्थान का बॉर्डर ज्यादा दूर नहीं है। हरियाणा के फ्यूल रेट्स राजस्थान से ज्यादा होने के चलते इस पंप पर रात में भी डीजल और पेट्रोल की सेल होती है। इसी के चलते यह पंप रात भर खुला रहता था।
सेल्समैन से की जा रही है पूछताछ
वारदात के बाद रात में ही मौका- मुआयना किया था। सेल्समैन से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा बदमाशों का पता करने के लिए मोबाइल और कार की लोकेशन लेने की कोशिश की जा रही है। -मो. जमाल, डीएसपी रेवाड़ी
पेट्रोल पंप संचालकों को सुरक्षा प्रबंध पुख्ता के निर्देश
नंदरामपुर बास स्थित फ्यूल स्टेशन पर शुक्रवार देर रात हुई लूट के बाद पुलिस अधीक्षक संगीता कालिया के निर्देश पर जिला सचिवालय स्थित सभागार में शनिवार को डीएसपी हेडक्वार्टर गजेंद्र कुमार ने पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक ली। बैठक में पेट्रोल पंपों की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा करने के साथ ही व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के निर्देश दिए।
डीएसपी गजेंद्र कुमार ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा व्यवस्था में खामी की के कारण ही बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देने में कामयाब हो जाते हैं। यदि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए तो वारदातों को रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि सभी पेट्रोल पंप संचालक अपने पंपों पर उच्च क्वालिटी के कैमरे लगवाएं, जिसमें रात के समय भी पंप पर आने वालों का चेहरा साफ दिखाई दे सके। इस अवसर पर पेट्रोल पंप संचालकों के अतिरिक्त सिक्योरिटी इंचार्ज सतबीर सिंह, एएसआई जसवंत सिंह, एएसआई धर्मपाल, एएसआई, धनुष कुमार, एएसआई बिरेंद्र सिंह, एएसआई सतबीर सिंह, एएसआई लालचंद व एएसआई राजकुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
सीसीटीवी कैमरे सही जगह लगे होने जरूरी
डीएसपी ने पेट्रोल पंप संचालकों से कहा कि एक कैमरा कैश बॉक्स पर अवश्य लगाएं। दूसरे कैमरे का एंगल ऐसे होना चाहिए कि सड़क पर आने-जाने वाले भी साफ-साफ दिखाई दे सके। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों पर सुरक्षाकर्मी की नियुक्ति भी करें। अधिकतर पेट्रोल पंपों पर कैश लाने और ले जाने के समय भी सुरक्षा कर्मी नहीं रहते। इसी का लाभ बदमाश उठाते हैं। उन्होंने थाना प्रभारियों से भी पेट्रोल पंपों का निरीक्षण व गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।