आरोपियों के पास से 600 इंजेक्शन, नींद की 200 गोलियां, 1600 कैप्सूल, एमटीपी किट भी बरामद की गई है। गिरोह से जुड़े दो लोगों की तलाश शुरू हो गई है। अन्य लोगों के बारे में पुलिस पूछताछ कर रही है।
हरियाणा के रेवाड़ी में गढ़ी बोलनी पुलिस चौकी ने भारी मात्रा में नशे के रूप में प्रयोग होने वाली प्रतिबंधित दवाओं, इंजेक्शन और एमटीपी किट के साथ मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने धंधे में संलिप्त आरोपी के मामा व एक अन्य की भी तलाश में दबिश तेज कर दी है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बाइक पर राजस्थान के टपूकड़ा की ओर से महिला और युवक नशे के लिए प्रयोग होने वाली प्रतिबंधित दवाएं लेकर आ रहे हैं। इस पर पुलिस ने गढ़ी बोलनी के निकट नाकेबंदी कर दी। बाइक पर आ रहे युवक को रुकवाकर उनके बैग की तलाशी ली गई। इस दौरान पुलिस को भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं मिलीं।
पुलिस ने जिला ड्रग कंट्रोलर डाॅ. अमनदीप चौहान को सूचना देकर मौके पर बुलाया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली गई। आरोपियों के बैग से नशे के लिए प्रयोग होने वाले 600 इंजेक्शन, नींद के लिए उपयोग की जाने वाली 200 गोलियां, 1600 कैप्सूल व महिलाओं के गर्भ की जांच करने वाली प्रतिबंधित 10 एमटीपी किट तथा कई अन्य दवाएं बरामद की गई हैं।
विज्ञापन
दोनों आरोपियों की पहचान कोसली की सैनिक कॉलोनी निवासी जितेंद्र व उसकी मां कमलेश देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार करने के बाद उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
राजस्थान के टपूकड़ा से हो रही थी सप्लाई
पुलिस की आरंभिक जांच में इस बात की जानकारी मिली है कि नशे के लिए प्रयोग होने वाली दवाओं के कारोबार में जितेंद्र का मामा व टपूकड़ा का एक व्यक्ति शामिल हैं। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए टीम को रवाना कर दिया है। चौकी प्रभारी ब्रह्मजीत ने बताया कि दोनों की गिरफ्तारी के बाद नशे की दवाओं की तस्करी के बड़े मामले का भंडाफोड़ हो सकता है।