हरियाणा के रेवाड़ी में बिना शिकायत दर्ज किए एक युवक व युवती की थाने में पिटाई करने के मामले में आरोपी सब इंस्पेक्टर व महिला हेडकांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। मामले में आरोपी स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) को भी निलंबित किया गया है। धारूहेड़ा की रहने वाली एक युवती की शिकायत पर तीनों के खिलाफ मारपीट व छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
धारूहेड़ा की रहने वाली एक युवती की 12 जुलाई को धारूहेड़ा थाना में बुलाकर पुलिसकर्मियों ने पिटाई कर दी थी। पीड़िता ने मामले में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन को शिकायत दी थी। शिकायत के बाद एसपी ने मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धारणा यादव को सौंपी थी।
एएसपी की जांच में तैनात एसआई लेखराम, महिला हेडकांस्टेबल प्रेमलता व एसपीओ सूरत आरोपी पाए गए थे। पुलिसकर्मियों ने युवती के साथ-साथ उसके एक जानकार युवक की भी थाने में पिटाई की थी।
पुलिसकर्मियों की ओर से कोई शिकायत भी दर्ज नहीं की गई थी। पिटाई के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई थी और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने युवती से उसके जानकार युवक को जबरदस्ती राखी भी बंधवाई गई थी।