दिल्ली-जयपुर हाईवे पर धारूहेड़ा स्थित एक होटल में खाना खाते समय दिल का दौरा पड़ने से एक बस चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान जोधपुर के बिल्हाड़ा निवासी टीलाराम (44) निजी बस का ड्राइवर था। सोमवार शाम वह दिल्ली से बस लेकर जोधपुर के लिए चला था। देर रात करीब साढ़े 11 बजे वह धारूहेड़ा पहुंचा और उसने बस को पास ही स्थित एक होटल पर रोक दिया। बस की सवारियों के साथ-साथ टीलाराम भी खाना खा रहा था।
इसी दौरान उसका हार्ट फेल हो गया और वह जमीन पर गिरकर बेसुध हो गया। आनन-फानन में टीलाराम को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव सूचना पर पहुंचे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था।