पुलिस ने तस्करी के लिए गुजरात ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब व बीयर की 485 पेटियां बरामद कर कैंटर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को देख चालक और क्लीनर कैंटर को छोड़ भाग निकले लेकिन पुलिस ने चालक को पकड़ लिया और क्लीनर अंधेरा का फायदा उठाकर फरार हो गए।
आरोपी चालक की पहचान यूपी के जिला अलीगढ के गणेशपुर निवासी अमरसिंह के रूप में हुई है। कैंटर में बिस्कुट और लोहे के पाइप भरे होने के कागजात बनवाए हुए थे।
सीआईए प्रभारी सतेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि बहादुरगढ़ से एक कैंटर गाड़ी में शराब भर कर तस्करी के लिए नेशनल हाईवे -71 से होते हुए गुजरेगी। सूचना के अनुसार रविवार की रात एएसआई इंद्रजीत अपनी टीम सहित एनएच-71 पर बीकानेर के निकट उक्त कैंटर के आने का इंतजार करने लगा।
कैंटर के आते ही पुलिस ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही गाड़ी में सवार चालक व क्लीनर कैंटर को रोक नीचे उतरे और पैदल ही भागने का प्रयास किया। पुलिस ने कैंटर चालक को मौके पर ही काबू कर लिया लेकिन अंधेरे का फायदा उठाते हुए क्लीनर फरार हो गया।
पुलिस को गाड़ी में जो कागजात मिले वो भी फर्जी थे। आरोपियों ने कागजात बिस्कुट व लोहे के पाइपों के बनवाये हुए थे तथा गाड़ी में शराब की पेटियां भरी हुई थी। शराब के बारे में पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि यह शराब और गाडी झज्जर जिला के गांव डाबोधा निवासी तकदीर की है। पुलिस ने गाड़ी मालिक सहित चालक व क्लीनर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी चालक से पूछताछ कर रही है।