ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर डंपर को कब्जे में ले लिया है। जांच के दौरान चालक डंफर छोड़कर मौके से फरार हो गया। ये जानकारी एसडीएम निर्मल नागर ने दी।
उन्होंने बताया कि वे गांव बव्वा-बहाला के बीच ओवरलोड वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान जांच टीम ने कारोली मोड की ओर से आ रहे एक डंपर को रोकने का संकेत दिया।
इस पर चालक ने डंपर को रोकने की बजाय उसकी स्पीड बढ़ा दी और बहुझोलरी की ओर जाने लगा। इस पर एसडीएम ने गाड़ी का पीछा किया तो डंपर चालक ने गाड़ी की स्पीड और तेज कर दी।
इस पर एसडीएम ने पुलिस को मामले से सूचना दी और कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए नाकाबंदी कर दी। इसके बाद गांव बहु में चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सख्ती से निपटा जाएगा: एसडीएम
एसडीएम निर्मल नागर ने बताया कि कनीना -कोसली सड़क मार्ग पर सबसे ज्यादा भारी वाहन गुजरते हैं, जोकि महेंद्रगढ़ की ओर से रोड़ी, जीरा रोड़ी व पत्थरों की ढुलाई का काम करते हैं। सरकार के नियमानुसार भारी वाहन जितना लोड मंजूर किया गया है, उतना ही माल भरकर लाएं, ताकि सड़कों को नुकसान ना पहुंचे।
उन्होंने कहा कि सरकार के नियमों की अवहेलना करने वाले ओवरलोड वाहनों के चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि चेकिंग के दौरान ओवर लोड पाए जाने पर न केवल चालान किया जाएगा, साथ ही वाहन को भी इपाउंड किया जाएगा।