जिले के दो अलग-अलग थानों में बाइक चोरों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। खोल थाना पुलिस ने चोरी की बाइक लेकर घूम रहे आरोपी को कुंड बस स्टैंड के पास दबोचा। वहीं धारूहेड़ा पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है।
24 मार्च को जहां से बाइक चोरी की थी, वहीं से दबोचा
कुंड चौकी प्रभारी यशवंत ने बताया कि शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक शख्स कुंड बस स्टैंड के पास चोरी की बाइक लेकर घूम रहा है। पुलिस ने कुंड बस स्टैंड पर नाकाबंदी कर आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल सहित काबू कर लिया। गिरफ्तार किया गया आरोपी मनेठी निवासी विजयपाल है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि बाइक उसने 24 मार्च को कुंड बस स्टैंड से ही चोरी की थी। मामले में पहले ही पुलिस ने मनेठी निवासी मनोज कुमार की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज किया हुआ है। गिरफ्तार आरोपी विजयपाल को रविवार को अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
राजस्थान किशनगढ़ जेल में बंद बाइक चोर रिमांड पर
वहीं, धारूहेड़ा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात के एक आरोपी को अदालत से प्रोडेक्शन वारंट पर लेकर एक दिन के रिमंाड पर लिया है। आरोपी राजस्थान की किशनगढ़ जेल में बंद था। बताया कि रिमांड पर लिया गया आरोपी मेवात जिले के गांव चिलावली निवासी शाहबुद्दीन उर्फ सुबी है। आरोपी पिछले साल 28 जुलाई को धारूहेड़ा स्थित नीलगिरी कॉलोनी से मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। नूंह पुलिस ने बाइक चोरी में आरोपी को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद आरोपी ने धारूहेड़ा की वारदात कबूली थी।