रामपुरा थाना क्षेत्र के गांव धामलावास में गुरुग्राम निवासी एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। युवक का शव गांव बाणी में मिला है। हत्या करने के बाद वाहन से युवक का चेहरा और पैर कुचले गए हैं। पहचान छिपाने के लिए सिर से कई बार वाहन गुजारा गया है। ग्रामीणों की सूचना पर डीएसपी मो. जमाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। रिपोर्ट में पता चलेगा कि हत्या कैसे की गई है।
मूल रूप से राजस्थान और पिछले कई साल में गुरुग्राम के गांव लांबी बास निवासी हनुमान का इकलौता बेटा ओमप्रकाश (22) मानेसर स्थित एक वाटर सप्लायर कंपनी में नौकरी करता था। वह गुरुवार सुबह नौकरी के लिए कंपनी की बाइक पर निकला। जाते समय उसने घर में बताया कि कंपनी में किसी की शादी है तो देरी से आएगा। कंपनी में काम खत्म करने के बाद शाम को करीब छह बजे कंपनी की ही बाइक पर निकला लेकिन घर नहीं पहुंचा।
लगाया फोन, दो बार रिंग गई फिर स्विच ऑफ
रात में ओमप्रकाश की पत्नी ने किसी काम से करीब दस बजे ओमप्रकाश के मोबाइल नंबर पर कॉल की। बकौल परिजन ओमप्रकाश के नंबर पर दो बार रिंग गई लेकिन कॉल डिसकनेक्ट कर दी गई। इसके बाद तीसरी बार कॉल लगाई तो मोबाइल नंबर स्विच ऑफ बताने लगा। परिजनों के अनुसार ओमप्रकाश ने धारूहेड़ा में शादी होने का जिक्र किया था। वहीं घटना का पता चलने के बाद इस बाबत कंपनी के कर्मियों से पूछा तो उन्होंने कंपनी में किसी तरह की शादी समारोह होने से इंकार कर दिया।
पर्स, मोबाइल समेत कई कागज मिले शव के पास
युवक की पेंट की जेबें बाहर की तरफ निकली हुई थीं। उसके पास से न तो बटुआ मिला और न ही मोबाइल। ऐसे में साफ था कि शव की तलाशी ली गई थी। पहचान छिपाने के लिए मोबाइल समेत लगभग सभी कागज हटाए गए। वहीं शव के पास एक अन्य नाम का कागज मिला है। उस नाम के शख्स की पुलिस तलाश कर रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली तो उसके सीने के पास एक डायरी मिली। उसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के परिजनों को बुलाकर शिनाख्त की। मृतक के ऊपरी हिस्से में सर्दी के चलते काफी कपड़े थे, ऐसे में माना जा रहा है कि हत्यारे इस जगह को चेक नहीं कर पाए। इससे डायरी छूट गई।
-------------
....यहां से सुलझ सकती है हत्या की गुत्थी
पुलिस के लिए हत्या की इस गुत्थी को सुलझाने के लिए बड़ा सवाल यह है कि न तो ओमप्रकाश की रिश्तेदारी में किसी की शादी थी और न ही कंपनी में किसी की। ऐसे में आखिर किस शादी की बात ओमप्रकाश ने की थी। वहीं धारूहेड़ा और मानेसर दोनों से रेवाड़ी उल्टा पड़ रहा है। ऐसे में उसे किसी बहाने से पहले से ही शाम के लिए बुलाया गया। किसी तरह रेवाड़ी ले जाकर उसकी हत्या की गई। मामले में रेवाड़ी से जुड़े किसी शख्स के होने की उम्मीद है। पुलिस अब बातचीत का पता करने के लिए खोए मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैस करने के साथ ही सीडीआर खंगालने में जुटी है।
------------
मृतक की शिनाख्त हो गई है। पुलिस की टीमें कई पहलुओं के आधार पर हत्यारों की तलाश में जुटी है। मृतक की बाइक और मोबाइल की भी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के गिरफ्तार होने की उम्मीद है। - मो. जमाल, डीएसपी रेवाड़ी