कुंड स्थित हरियाणा माइनिंग की खाई के पास बकरी चराने के लिए गए दो बच्चों की खाई में गिरने से मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने आसपास लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ ही मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कुंड की पहाड़ियों में रहने वाले हजारीलाल का बेटा रमेश (10) व नत्थूराम की बेटी पूजा(12) शनिवार दोपहर के समय कुंड स्थित हरियाणा माइनिंग के पास बकरी चराने के लिए गए थे। माइनिंग के पास एक गहरी खाई बनी हुई है, जिसमें इन दिनों बरसानी पानी भरा हुआ है। बकरी चरते-चरते खाई में जाने लगी।
बकरी को वापस लाने के लिए रमेश और पूजा कुछ नीचे उतरे कि अचानक दोनों का पैर फिसल गया और दोनों गहरी खाई में जा गिरे। चीख सुनकर पास ही स्थित कुंड चौकी के पुलिसकर्मी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। बच्चों को किसी तरह खाई से निकालकर ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के लिए मनाकर शव वापस ले आए परिजन
बच्चों की मौत के बाद शोकाकुल परिजन शवों को वापस घर ले गए और किसी तरह की कार्रवाई न चाहने की बात कहते हुए पोस्टमार्टम के लिए मना कर दिया। करीब दो घंटे तक पुलिस ने मृतक के परिजनों को पुलिस की कार्रवाई के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन परिजन नहीं माने।
काफी मनुहार के बाद माने, आज पोस्टमार्टम
काफी देर की मशक्कत के बाद मृतक बच्चों के परिजन पोस्टमार्टम कराने की बात पर राजी हुए। जिसके बाद दोनों बच्चों के शवों को नागरिक अस्पताल स्थित मोर्चरी में ले जाया गया। यहां पोस्टमार्टम रविवार को होगा।
--------
मामला इत्तेफाकन हादसे में हुई मौत का है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
-यशवंत सिंह, चौकी प्रभारी, कुंड