पुरंदरपुर थाना का घेराव करते बेलवां खुर्द के ग्रामीण व प्रधान संघ के अध्यक्ष भीमसेन उर्फ लल्लू सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
लक्ष्मीपुर/पुरंदरपुर। बेलवां खुर्द में ग्राम सभा की जमीन पर कब्जे के विवाद में शनिवार को ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमले से नाराज प्रधान के समर्थकों ने कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव कर दिया। मामला बढ़ता देख पुलिस ने आनन फानन दो नामजद समेत नौ लोगों के खिलाफ मारपीट और बलवा के साथ ही हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया। घायल ग्राम प्रधान को सीएचसी बनकटी में भर्ती कराया गया है।
पुरंदरपुर थाना के बेलवां खुर्द के ग्राम प्रधान दूधनाथ ने पुरंदरपुर थाने में तहरीर दी है कि शनिवार की सुबह करीब 8 बजे वह गांव के विद्यालय की तरफ जा रहे थे। अभी वह घर से कुछ दूर ही पहुंचे थे कि गांव के महंत गौरीशंकर और महंत उमाशंकर ने अपने सात साथियों के साथ गाली देते हुए घेर लिया। वह कुछ समझ पाते कि उन लोगों ने लाठी, डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। प्रधान किसी तरह वहां भाग निकले। प्रधान को भागता देख गौरीशंकर ने बंदूक से फायरिंग भी की। शोर सुनकर गांववालों को आता देख हमलावर फरार हो गए।
ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमले से नाराज गांव के लोग थाने पहुंच गए और हमलावरों के खिलाफ पर मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मामले की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने दो नामजद समेत नौ लोगों के खिलाफ साजिश के तहत मारपीट और बलवा तथा जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जबकि घायल प्रधान दूधनाथ का इलाज सीएचसी बनकटी में चल रहा है। एसओ पुरंदरपुर चंद्रेश यादव का कहना है कि जल्द ही अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।