मॉडल टाउन थाना पुलिस ने दिल्ली एमसीडी में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठगने के मामले मे रविवार रात एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। विजय नगर निवासी एक महिला ने गिरफ्तार हुए आरोपी और कुंभावास निवासी राजेंद्र पर नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठगने का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव सहारनवास निवासी पवन के रूप में हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि कुंभावास निवासी राजेंद्र राज मिस्त्री ने 2015 में उनके घर पर काम किया था। इससे राजेंद्र के साथ जान पहचान हो गई थी। दो साल पहले 19 मई को राजेंद्र ने महिला के लड़के संदीप के पास फोन कर बताया कि उसकी दिल्ली एमसीडी में कार्यरत पवन के साथ जान पहचान है और वह उसके लड़के को एमसीडी में नौकरी लगवा देग।
इसी दिन आरोपी राजेंद्र ने महिला के लड़के संदीप को अपने गांव कुम्भावास बुलाया और एमसीडी में नौकरी दिलाने के लिए चार लाख रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता महिला ने 3.10 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। वहीं शेष 90 हजार वेतन आने पर लेने पर सहमति बनी। 28 मई को आरोपी पवन ने एक नियुक्ति पत्र देते हुए कहा कि आपको एमसीडी में सहायक क्लर्क के लिए नियुक्त करा दिया गया है। इसके बाद उसे कई दिन तक एक कमरे में कार्यालय दिखाकर बैठाया गया। शक होने पर एमसीडी के कार्यालय में जाकर पता किया गया तो नियुक्ति पत्र फर्जी निकला।