एक राष्ट्रीय चैनल का रिपोर्टर बताने वाले एक व्यक्ति द्वारा निमोठ निवासी एक व्यक्ति से नौकरी के नाम पर ढाई लाख रुपये ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने ठगी करने वाले व्यक्ति के अलावा उसके पिता पूर्व सूबेदार के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। खास बात यह है कि मामला में टाल मटोल कर रही पुलिस ने एसपी के आदेश के बाद उसके खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार खुद को एक राष्ट्रीय चैनल का रिपोर्टर बताकर जिले में लोगों के साथ ठगी करने वाले निमोठ निवासी लक्ष्मण सिंह के कारनामों का खुलासा उस समय हुआ था जब दड़ौली निवासी ओमप्रकाश ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए ढाई लाख रुपए नौकरी लगवाने के नाम पर ठगने का आरोप लगाया था।
ओमप्रकाश का कहना था कि लक्ष्मण ने उसके बेटे को रेलवे में नौकरी लगाने का झांसा दिया था। दबाव बनाने पर आरोपी लक्ष्मण ने एक फर्जी लेटर तैयार कर उसके बेटे को बनारस में एक स्थान पर नौकरी करने के लिए भेज दिया, जिसके बाद ही उसकी ठगी के बारे में पता चल सका।
इस मामले में लक्ष्मण के पिता पूर्व सूबेदार राजेंद्र सिंह भी शामिल थे। पीड़ित ओमप्रकाश ने कई बार पैसे लौटाने की गुहार लगाई, लेकिन रकम वापस नहीं हुई। जाटूसाना पुलिस को शिकायत देने पर मामले को पैसों का लेनदेन का बना दिया गया। पीड़ित ने दोबारा से एसपी को शिकायत दी। एसपी के आदेश पर जाटूसाना पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण व उसके पिता के खिलाफ केस दर्ज किया है।