दिल्ली पुलिस में नौकरी दिलाने के नाम पर दो बेरोजगार युवकों से करीब पांच लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी ने न तो उनकी नौकरी लगवाई और न ही पैसे वापस लौटाए।
पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव रामगढ़ निवासी भूपेंद्र सिंह ने थाना मॉडल टाउन पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह और उसका साथी संदीप शहर की ब्रास मार्केट में स्थित वीएल कोचिंग सेंटर से वर्ष 2013 में कोचिंग ले रहे थे।
इस दौरान सेंटर के संचालक अजीत सिंह निवासी चिमनावास ने उनसे दिल्ली पुलिस में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ढाई-ढाई लाख रुपये ले लिए।
युवकों का आरोप है कि पैसे लेने के बाद काफी लंबे समय तक न तो उनकी नौकरी लगवाई और न ही पैसे वापस किए। कई बार पैसे वापस मांगने पर आरोपी आलमटोल करता रहा।
इस दौरान उसने पैसे लौटाने की बात कहने पर उसने जान से मारने की धमकी दी। बाद में वह सेंटर बंद कर गांव से भी फरार हो गया। पुलिस ने इस संबंध आरोपी पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।