गर्भपात की सूचना पर धारूहेड़ा पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नेशनल हाइवे संख्या आठ पर एक होटल में बुधवार देर शाम छापा मारा।
पुलिस ने होटल के एक कमरे में सात महीने का मृत भ्रूण मिला है और गंभीर हालत में एक महिला मिली है। महिला को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छापामारी की सूचना मिलने पर गर्भपात करने का आरोपी डॉक्टर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने होटल से गर्भपात करा रहे एक युवक को गिरफ्तार कर उस पर केस दर्ज कर लिया है। युवक से पूछताछ जारी है। गिरफ्तार किया गया युवक खरखड़ा निवासी कृष्ण है। वहीं फरार झोलाछाप डॉक्टर अनिल कुमार की तलाश जारी है।
यह था पूरा मामला
पीएनडीटी के नोडल अधिकारी सर्वजीत थापर ने बताया कि शाम को सात बजे पुलिस अधीक्षक बलवान सिंह राणा के आदेश पर पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम का गठन कर नेशनल हाईवे संख्या आठ स्थित खरखड़ा मोड़ पर एक होटल के कमरा नंबर 505 में छापा मारा गया। इस दौरान यहां से बाथरूम में पड़ा सात महीने का लड़के का मृत भ्रूण मिलने के साथ ही भिवाड़ी निवासी 22 वर्षीय महिला भी गंभीर हालत में मिली। वहीं मौके से पुलिस ने खरखड़ा निवासी कृष्ण कुमार को भी गिरफ्तार किया है।
जांच के बाद होगा खुलासा
डॉ. थापर ने बताया कि युवक एवं युवती का मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है, हालांकि असली बात पुलिस की जांच के बाद भी पता चल पाऐगी। डॉक्टर थापर ने बताया कि मौके से गर्भपात कराने के लिए दवाई का प्रयोग किया गया था, लेकिन अधिक रक्त श्राव होने के कारण महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते महिला को रेवाड़ी स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां पर उसका उपचार चल रहा है।
----------------------
किसी को शक न हो इसलिए होटल में किया गर्भपात
युपी की रहने वाली 22 वर्षीय महिला राजस्थान के भिवाड़ी में रहती है। वहीं आरोपी खरखड़ा निवासी युवक कृष्ण कुमार है। गर्भपात कराने वाला डॉक्टर भी खरखड़ा में अपना क्लीनिक चलाता है। हिरासत में लिए गए युवक ने झोलाछाप डॉक्टर से सांठगांठ करनेे के बाद किसी को शक न हो इसलिए होटल में गर्भपात कराने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस को इसकी भनक लगने के बाद उसके मंसूबों पर पानी फिर गया।
--------------
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारकर मौके से सात महीने का मृत भ्रूण बरामद किया है। आरोपी डॉक्टर की तलाश की जा रही है।
- बलवान सिंह राणा, पुलिस अधीक्षक, रेवाड़ी