रेवाड़ी। मॉडल टाउन क्षेत्र के पॉश एरिया में शुमार सेक्टर-4 में सीजेएम योगेश चौधरी के आवास पर अज्ञात लोगों ने 21 दिसंबर की रात फायरिंग कर दी। फायरिंग से टूटा कांच लगने से आवास पर मौजूद नौकर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रेवाड़ी न्यायालय में तैनात सीजेएम योगेश चौधरी शहर के सेक्टर-4 स्थित एक किराए की कोठी में रह रहे हैं। आवास में मौजूद नौकर के अनुसार 21 दिसंबर की रात आवास के बाहर बाइक पर सवार होकर अज्ञात युवक पहुंचे। इनमें से एक ने बिना किसी बात के आवास पर फायर झोंक दिया। गोली कोठी के शीशे में लगने से कांच चकनाचूर हो गया और नौकर घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। वहीं नौकर ने घटना की जानकारी सीजेएम योगेश चौधरी को दी। मामले की जानकारी स्थानीय मॉडल टाउन थाने को दी। सीजेएम के घर फायरिंग की सूचना पर पुलिस बल के अलावा प्रशासनिक तबके में भी उथल-पुथल मच गई। आनन-फानन में ही महकमे के आलाधिकारी और स्थानीय फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीजेएम योगेश चौधरी की शिकायत पर हत्या के प्रयास, मारपीट व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
---------
वारदात के वक्त गुड़गांव में थे सीजेएम
जिस वक्त वारदात हुई, उस समय सीजेएम योगेश चौधरी अपनी पत्नी के साथ गुड़गांव में किसी काम से गए हुए थे। इस दौरान कोठी पर महज नौकर ही मौजूद था। ऐसे में पुलिस पता लगा रही है कि बदमाशों का निशाना नौकर था या फिर वे जज से किसी मामले को लेकर रंजिश पाले हुए थे।
बदमाशों की तलाश जारी है: एसएचओ
मामले को लेकर मॉडल टाउन थाना प्रभारी कर्मबीर खटाना ने बताया कि बदमाशों की शिनाख्त फिलहाल नहीं हुई है। मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच की जा रही है।