दिल्ली-जयपुर हाइवे स्थित गांव कापड़ीवास के पास शनिवार को एक बाइक और कैंटर की भिड़त में बाइक सवार की मौत हो गई। थाना धारूहेड़ा पुलिस ने बताया कि गुरुग्राम जिला के गांव राजपुरा निवासी कमलजीत सिंह शनिवार को अपनी मोटरसाइकिल पर जा रहा था इसी दरम्यान दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव कापडीवास के निकट गलत दिशा से आ रहे एक कैंटर ने कमलजीत को टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने घायलवास्था में एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया तथा अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वाहन की टक्कर से ट्रक चालक की मौत
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-8 स्थित गांव काठूवास के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर ट्रक चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। चालक माल लेकर पानीपत जा रहा था तथा काठूवास के पास खाना खाने के लिए रूका था।
पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के जिला फैजाबाद के गांव पूरेमखु खान निवासी महमूद खान ट्रक में सामान लेकर ट्रक में सामान लेकर सालोपुर से पानीपत जा रहा था। वह खाना खाने के लिए गांव काठूवास के निकट स्थित एक ढाबा पर रुक गया। खाना खाने के बाद वह पैदल ही सर्विस रोड पर जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने महमूद खान को टक्कर मार दी। दुर्घटना में महमूद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद गढ़ी बोलनी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया तथा अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेलगाड़ी से गिरने से युवक की मौत
रेवाड़ी-अलवर रेलमार्ग पर रविवार को रेलगाड़ी से गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक बिहार के किशनगंज का रहने वाला था। राजकीय रेलवे पुलिस को सूचना मिली थी कि रेवाड़ी-अलवर मार्ग पर बावल के निकट रेलवे लाइन के साथ गड्ढों में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना के बाद जीआरपी थाना से एसआई रामफल मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया। मृतक से मिले कागजात के आधार पर शिनाख्त बिहार के किशनगंज निवासी परमानंद के रूप में हुई है। मृतक की जेब से उदयपुर सिटी से दिल्ली तक का टिकट भी मिला है। पुलिस को अंदेशा है कि परमानंद ट्रेन से गिर कर गड्ढों में चला गया तथा उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। जांच अधिकारी एसआई रामफल ने बताया कि शव को बावल के सीएचसी में रखवाया गया है। मंगलवार को परिजनों के पहुंचने की संभावना है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।