पेट्रोल पंप से लूट के आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
एनचएच-8 पर जयसिंह पुर खेड़ा स्थित आरके पेट्रोल पंप के कैशियर एवं सेल्समैन से वीरवार को पिस्टल प्वाइंट पर 27.22 लाख रुपये की लूट मामले का पुलिस ने शनिवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने पांच में से मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटी गई 14 लाख की नगदी, एक देशी पिस्टल एवं वारदात में शामिल दो बाइक बरामद की हैं।
ये आरोपी शनिवार को गांव गुजरीवास के खेतों से पकड़े गए। आरोपियों की पहचान गुजरीवास निवासी अरविंद और भुङला निवासी सुखबीर व धनराज के रूप में हुई है। वहीं चौथे आरोपी राजपाल का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार लूट के दौरान राजपाल का एक्सीडेंट हो गया था।
पुराना कर्मचारी ही था मुख्य आरोपी
पुलिस अधीक्षक संगीता कालिया ने पत्रकारों को बताया कि वारदात का मुख्य आरोपी अरविंद दो महीने पहले तक आरके फिलिंग स्टेशन पर ही नौकरी करता था और पेट्रोल पंप के बारे में उसे पूरी जानकारी थी। उसने अपने साथियों सुखबीर, धनराज, मनोज और राजपाल के साथ गांव गुजरीवास में बैठकर लूट की साजिश रची थी। इसी साजिश के तहत उन्होंने वीरवार दोपहर कैश जमा कराने जा रहे पेट्रोल पंप कर्मियों को लूट लिया। बाइक पर सवार होकर आए नकाबपोशों में राजपाल व सुखबीर मुख्य थे। वहीं अरविंद मुख्य साजिशकर्ता था। पेट्रोल पंप मालिक झज्जर निवासी संजय मलिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
बाइक के टूटे वाइजर से मिला सुराग
एसपी संगीता कालिया ने बताया कि लूट के बाद बाइक पर सवार दो आरोपियों से एक बाइक का वाइजर टूट गया था। पुलिस को टूटे वाइजर की मदद से आरोपियों को ट्रेस किया। एसपी ने बताया कि सभी आरोपी बेरोजगार हैं तथा पारिवारिक पृष्ठ भूमि भी अच्छी नहीं है। एनएच आठ पर छुपने के फिराक के दौरान रूंध पुल के समीप एक वाहन को ओवरटेक करते समय उनकी बाइक स्लिप हो गई थी। जिससे राजपाल को काफी चोट आई। उसका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
वारदात में दो भाई भी थे शामिल
एसपी ने बताया कि लूट की वारदात में शामिल राजपाल के साथ उसका भाई मनोज भी शामिल था। हालांकि अभी मनोज पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। एसपी ने बताया कि जल्द ही बचे हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही बची हुई नकदी को भी बरामद कर लिया जाएगा।