भैंस और कटड़ों को रक्षकों ने बचाया
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
दो पिकअप में क्रूरता से भरकर ले जाई जा रहीं करीब दो दर्जन भैंस और कटड़ों को शनिवार को रक्षकों ने बचाया। उन्होंने पशुओं को ले जा रहे लोगों को तस्कर समझकर उनका पीछा किया और अग्रसेन चौक पर पकड़ लिया। इसके बाद वहां एकत्रित हुई भीड़ ने तीन लोगों को जमकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया।
इस दौरान तीन अन्य लोग भागने में कामयाब रहे। उधर, स्थानीय लोगों ने भैंसों और कटड़ों को छुड़वा लिया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मॉडल टाउन व सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जिन रक्षकों ने क्रूरतापूर्वक पशुओं को ले जा रहे तस्करों को पकड़ा है वे तीन दिन से इन तस्करों का पीछा कर रहे थे। वहीं पुलिस के पास लाए गए तीनों शख्स खुद को व्यापारी बता रहे हैं।
नारनौल के हैं पिकअप के नंबर
मौके पर जिन दो पिकअप से भैंसों और कटड़ों को उतारा गया है उनका रजिस्ट्रेशन नंबर नारनौल का है। इससे माना जा रहा है कि महेंद्रगढ़ की ओर से ही पशुओं को तस्करी कर राजस्थान के लिए ले जाया जा रहा था। उधर जिन तीन युवकों को पीछा कर रहे रक्षकों ने पीटा है उन्हें वे टेंपो में डालकर पुलिस थाने ले जाने की बात कहकर निकले थे। हालांकि काफी देर तक तीनों न थाने पहुंचे और न स्थानीय सेक्टर-3 पुलिस चौकी। सूत्रों के अनुसार बाद में इन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। अब पशुओं को गोशाला भेजने की तैयारी की जा रही है।
शुरुआती तौर पर पशुओं की तस्करी का मामला सामने आया है लेकिन पुलिस के पास लाए गए तीनों शख्स खुद को व्यापारी बता रहे हैं। ऐसे में मामले में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज बनता है। वहीं मारपीट करने वालों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है।
मो.जमाल, डीएसपी, जिला रेवाड़ी