हरियाणा के रेवाड़ी के मॉडल टाउन थाने के लॉकअप में बंद हत्यारोपी विनोद के सुसाइड मामले में पुलिस प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। घटना की रात ड्यूटी पर तैनात मुंशी सिपाही वेद प्रकाश को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं लॉकअप सुरक्षा में तैनात होमगार्ड सुरेश और एसपीओ सतीश को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। इसके अलावा मामले की जांच में लापरवाही बरतने पर जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर राजेश के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
विनोद को सन्नी यादव के साथ अदालत में पेश करने के बाद रिमांड पर थाने में रखा गया था। दोनों आरोपी पिछले सप्ताह शनिवार रात मॉडल टाउन थाने के लॉकअप में बंद थे। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक रविवार सुबह करीब 4 बजकर 7 मिनट पर विनोद ने कंबल की कतरन निकालकर लोहे के जाल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उस समय लॉकअप में उसके साथ मौजूद सन्नी चादर ओढ़कर सो रहा था, जिसे घटना की भनक तक नहीं लगी।
विनोद की पत्नी कैंसर की मरीज
विनोद परिवार का इकलौता बेटा था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। पत्नी कैंसर से पीड़ित है और इलाज विनोद ही करवा रहा था। उसकी दो छोटी बेटियां हैं, जिनकी जिम्मेदारी अब परिवार पर आ गई है। विनोद के रिश्तेदार शुभम ने कहा कि उसके जाने के बाद पत्नी का इलाज बंद हो गया है। यदि पत्नी का इलाज नहीं हो पाया तो दोनों बेटियों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। परिवार ने सरकार से मुआवजा और सहयोग की मांग की है, ताकि बेटियों की परवरिश और पत्नी का इलाज जारी रह सके।
दोनों साथियों ने शराब पिलाने के बाद गला घोंटकर की थी हत्या
थाना मॉडल टाऊन पुलिस ने 3 सितंबर को मिंडा कट बावल रोड के पास राकेश वर्मा की हत्या करके शव को डालने के मामले की गुत्थी को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए गए आरोपी यूपी के जिला सुल्तानपुर के गांव हमजाबाद निवासी विनोद कुमार व यूपी के जिला सुल्तानपुर के गांव अत्तरसुभाकलां निवासी सन्नी यादव था। पुलिस जांच में सामने आया था कि मृतक व दोनों आरोपी गांव सुठानी में एक ही कमरे में किराये पर साथ रहते थे। तीनों आर्थिक रूप से कमजोर थे। किराये को लेकर तीनों का आपस में विवाद होने लगा था। इस वजह से मकान मालिक ने उनसे कमरा खाली करवा लिया था। दोनों आरोपी राजेश वर्मा को कमरा खाली करने की वजह मानते थे। 2 सितंबर को तीनों मिंडा कट बावल रोड के पास शराब पीने के लिए एक साथ बैठे थे। शराब पीने के बाद जब नशा हुआ तो सन्नी और विनोद का राकेश के साथ झगड़ा हो गया। इन लोगों ने पहले उसका गला घोंट दिया। इसके बाद चेहरे पर पत्थर से वार किए, जिससे राकेश की मौके पर ही मौत हो गई।
क्या कहते हैं डीएसपी
डीएसपी सुरेंद्र श्योराण का कहना है कि हत्यारोपी विनोद के सुसाइड करने के मामले में रात के समय थाने में तैनात मुंशी सिपाही वेद प्रकाश को सस्पेंड कर दिया गया है। लॉकअप की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड सुरेश और एसपीओ सतीश को बर्खास्त कर दिया गया है। इनके अलावा जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर के खिलाफ विभागीय जांच खोल दी गई है।