धारूहेड़ा थानाक्षेत्र के गांव मालपुरा के समीप कंपनी कर्मियों को लूटने का प्रयास करने वाले एक बदमाश को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया। वहीं उसके दो साथी फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के पास से कट्टा बरामद कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस संबंध में मामला भी दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भिवाड़ी के गांव कारंडा निवासी मंजीत के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि शनिवार रात धारूहेड़ा की एक कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान गांव मालपुरा के समीप बाइक सवार तीन बदमाशों ने कर्मियों को कट्टे की नोंक पर रोक लिया और उनसे नकदी, मोबाइल और सामान मांगने लगे। कर्मचारियों के शोर मचाने पर गांव मालपुरा के ग्रामीणों को आता देख दो बदमाश बाइक लेकर मौके से फरार हो गए, जबकि मंजीत ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची धारूहेड़ा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।