दिल्ली-जयपुर हाइवे -8 पर घने कोहरे के चलते एक कार टी-प्वाइंट से टकरा गई। दुर्घटना में एक शख्स की मौत जबकि परिवार के चार अन्य लोग घायल हो गए।
जिन्हें रेवाड़ी के ट्रामा सेंटर में प्राथमिक उपचार के बाद उपचार के लिए गुडग़ांव रेफर कर दिया गया। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
जानकारी के अनुसार पानीपत निवासी संजीव तनेजा परिवार के साथ आई-20 कार में सवार होकर पानीपत से जयपुर जा रहे थे। अभी वे संगवाड़ी गांव के पास ही पहुंच पाए थे कि कोहरे के चलते टी-प्वाइंट नहीं दिखा और तेज रफ्तार कार सीमेंट के ब्लॉकर से टकरा गई।
इस हादसे में संजीव की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी विमला, बेटी शिविका, बेटा अक्षय व एक 6 वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत रेवाड़ी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने घायलों की बिगड़ती हालत देख उन्हें गुड़गांव रेफर कर दिया।
बेटी के तलाक केस के चलते जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक संजीव तनेजा की बेटी का तलाक का मामला जयपुर कोर्ट में विचाराधीन है। बृहस्पतिवार को इसी मामले में सुनवाई थी। इसी को लेकर संजीव परिवार के साथ कोर्ट में पेशी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
------------
हादसे के कारणों का पता किया जा रहा है। फिलहाल कोहरे के चलते दुर्घटना बताई जा रही है। घायलों की हालत भी अब स्थिर है।
-गोविंद, जांचकर्ता, कसौला थाना